Chief of Army Staff: भारतीय सेना को जल्द नया नेतृत्व मिलने जा रहा है। केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को देश का अगला सेना प्रमुख नियुक्त करने का फैसला किया है। वह 30 जून 2026 को वर्तमान सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी का स्थान ग्रहण करेंगे और भारतीय सेना की कमान संभालेंगे। राष्ट्रपति की मंजूरी रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को जनरल के स्थायी रैंक के साथ सेना प्रमुख नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल 31 अगस्त 2028 तक रहेगा। वर्तमान सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने 30 जून 2024 को पदभार संभाला था और उनका कार्यकाल जून 2026 में समाप्त होगा। क्या है धीरज सेठ का सैन्य करियर लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ का सैन्य करियर चार दशक के अनुभव से भरा हुआ है। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खड़कवासला के पूर्व छात्र रहे धीरज सेठ को वर्ष 1986 में बख्तरबंद कोर में कमीशन मिला था। उन्होंने रेगिस्तानी क्षेत्रों से लेकर जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों तक कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। भारतीय सेना को नई दिशा उन्होंने सुदर्शन चक्र कोर, बख्तरबंद ब्रिगेड और विभिन्न सैन्य संरचनाओं का नेतृत्व किया है। इसके अलावा संयुक्त राष्ट्र मिशनों में भी भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए दक्षिण सूडान और इथियोपिया में महत्वपूर्ण सेवाएं दी हैं। नियंत्रण रेखा, पूर्वोत्तर क्षेत्र और उच्च हिमालयी इलाकों में उनका व्यापक संचालन अनुभव रहा है। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि रणनीतिक, संचालनात्मक और अंतरराष्ट्रीय अनुभव के कारण धीरज सेठ का नेतृत्व भारतीय सेना को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। ये भी पढ़ें: जोरहाट एयरबेस पर लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हुआ IAF का AN-32, विमान दो हिस्सों में टूटा