Delhi Fire: पश्चिमी दिल्ली के फतेह नगर स्थित जेल रोड पर मंगलवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बहुमंजिला मकान की पार्किंग में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पार्किंग में खड़े वाहन तथा मकान का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। हालात तब और गंभीर हो गए जब आग की लपटों के बीच दो एलपीजी सिलेंडरों में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। हालांकि दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया और मकान में फंसे सभी आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकल की तत्परता दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग लगने की सूचना मंगलवार सुबह करीब 3:50 बजे कंट्रोल रूम को मिली। शुरुआती सूचना मिलते ही दो वाटर टेंडर और एक वाटर बाउजर मौके पर भेजा गया। लेकिन आग तेजी से फैलती देख अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को भी रवाना किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुबह करीब 5:25 बजे आग को 'मेक-4' श्रेणी घोषित किया गया। इसके बाद कुल नौ दमकल वाहनों को राहत एवं बचाव अभियान में लगाया गया। इनमें पांच वाटर टेंडर, तीन वाटर बाउजर और एक अन्य विशेष दमकल वाहन शामिल था। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के साथ-साथ मकान में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान भी एक साथ चलाया। https://twitter.com/INDIAHEADLINEST/status/2079442420635516956 सिलेंडर धमाकों से दहशत आग की चपेट में पार्किंग में खड़ी दो कारें और दो स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके अलावा करीब 200 वर्ग गज में बने ग्राउंड प्लस तीन मंजिला मकान का बड़ा हिस्सा भी आग से प्रभावित हुआ। आग के दौरान दो एलपीजी सिलेंडरों में हुए विस्फोट ने हालात को और चुनौतीपूर्ण बना दिया, लेकिन दमकल कर्मियों ने तेजी और सूझबूझ से काम लेते हुए आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोक दिया। आग पर काबू राहत अभियान के दौरान मकान के भीतर मौजूद आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली, जिसे बड़ी राहत माना जा रहा है। दमकल विभाग ने सुबह करीब 6:00 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाने की घोषणा की, जबकि 6:35 बजे 'स्टॉप मैसेज' जारी कर अभियान समाप्त होने की पुष्टि की गई। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और संबंधित जांच एजेंसियां आग के कारणों का पता लगाने में जुट गई हैं। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। दमकल ने बचाया घटना के बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया था और धमाकों से लोगों में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दमकल विभाग समय पर नहीं पहुंचता तो आग आसपास के मकानों तक फैल सकती थी। अधिकारियों के मुताबिक, समय रहते किए गए राहत और बचाव अभियान की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR पर मेहरबान मानसून! झमाझम बारिश के बीच ट्रैफिक ने बढ़ाई मुसीबत