E20 Petrol Row: देश में E20 पेट्रोल को लेकर जारी बहस के बीच आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को “स्टॉप E20 पेट्रोल” नाम से ऑनलाइन सिग्नेचर अभियान शुरू किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे प्रधानमंत्री के नाम तैयार की गई ऑनलाइन याचिका पर हस्ताक्षर कर अपनी राय दर्ज कराएं। केजरीवाल का कहना है कि यह अभियान उन लोगों की आवाज़ को सामने लाने के लिए शुरू किया गया है जो E20 पेट्रोल को लेकर अपनी चिंताएं जता रहे हैं। सरकार पर केजरीवाल के आरोप केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सरकार बिना पर्याप्त तैयारी और व्यापक सहमति के E20 पेट्रोल को लागू कर रही है। उनका दावा है कि कई वाहन मालिक माइलेज कम होने, इंजन से जुड़ी समस्याओं और रखरखाव का खर्च बढ़ने जैसी शिकायतें कर रहे हैं। उनका कहना है कि इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने के बजाय सरकार सब कुछ सामान्य बताने की कोशिश कर रही है। https://twitter.com/ArvindKejriwal/status/2076920454993051917 जनता को ईंधन चुनने का अधिकार आप प्रमुख ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की जिम्मेदारी लोगों की बात सुनना और उन्हें विकल्प देना है। उनके मुताबिक, पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को शुद्ध पेट्रोल, E10 और E20 जैसे विकल्प उपलब्ध कराए जाने चाहिए, ताकि वाहन मालिक अपनी गाड़ी की जरूरत और निर्माता की सलाह के अनुसार ईंधन का चयन कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि E20 पेट्रोल की ऊर्जा क्षमता कम होने के कारण कई वाहन चालकों को माइलेज घटने की शिकायत है। इसके बावजूद इसकी कीमत में कोई विशेष राहत नहीं दी गई है। उनका आरोप है कि इससे आम और मध्यम वर्ग के लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। वाहन मालिकों की शिकायतों का किया जिक्र केजरीवाल ने दावा किया कि पिछले कुछ दिनों में पेट्रोल पंपों और सर्विस सेंटरों पर लोगों से बातचीत के दौरान बड़ी संख्या में वाहन मालिकों ने ईंधन की खपत बढ़ने, फ्यूल पंप, इंजेक्टर और इंजन से जुड़ी समस्याओं की शिकायत की। उनका कहना है कि कई उपभोक्ताओं ने गाड़ियों की सर्विस और मरम्मत पर पहले की तुलना में अधिक खर्च आने की बात भी कही है। सरकार से रखीं तीन प्रमुख मांगें केजरीवाल ने सरकार से मांग की कि यदि E20 पेट्रोल को लागू किया जाना है, तो उपभोक्ताओं को शुद्ध पेट्रोल और E20 दोनों का विकल्प दिया जाए। साथ ही E20 पेट्रोल की कीमतों की समीक्षा कर उन्हें राहत दी जाए। उन्होंने कहा कि लोगों की चिंताओं को नजरअंदाज करने के बजाय सरकार को संवाद के माध्यम से समाधान निकालना चाहिए। देशवासियों से की अभियान में जुड़ने की अपील अपने संबोधन में केजरीवाल ने देशभर के नागरिकों से ऑनलाइन सिग्नेचर अभियान में शामिल होने की अपील की। उनका कहना है कि इस पहल का उद्देश्य सरकार तक लोगों की आवाज़ पहुंचाना है, ताकि ईंधन नीति से जुड़े फैसलों में उपभोक्ताओं की राय को भी महत्व मिल सके। जैव ईंधन को बढ़ावा फिलहाल E20 पेट्रोल को लेकर बहस जारी है। एक ओर सरकार इसे जैव ईंधन को बढ़ावा देने और आयातित तेल पर निर्भरता कम करने की दिशा में अहम कदम मानती है, वहीं दूसरी ओर कुछ राजनीतिक दल और वाहन मालिक इसके प्रभाव को लेकर सवाल उठा रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर चर्चा और तेज होने की संभावना है। ये भी पढ़ें: 120 की रफ्तार, बिना टोल प्लाजा कटेगा टैक्स! आखिर कैसे बना देश का सबसे महंगा एक्सप्रेसवे?