Hapur ATS Action: उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने हापुड़ में कार्रवाई करते हुए जैश-ए-मुहम्मद से कथित तौर पर जुड़े एक युवक को गिरफ्तार किया है। ATS के मुताबिक आरोपी की पहचान 24 वर्षीय मोहम्मद जफर, निवासी पूर्णिया, बिहार के रूप में हुई है। जांच एजेंसी के अनुसार, जफर को 16 अगस्त को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले 14 अगस्त की सुबह उसे बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र की एक मस्जिद से हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई थी। चंदे के नाम पर रकम जुटाने का आरोप ATS का आरोप है कि मोहम्मद जफर मदरसों के नाम पर चंदा जुटाकर कथित तौर पर रकम पाकिस्तान भेजता था। जांच में उसके पाकिस्तानी जेहादी व्हाट्सऐप ग्रुपों से जुड़े होने की बात भी सामने आई है। एजेंसी के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर जैश-ए-मुहम्मद के पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में था। जांच में UPI के जरिए कई बार रकम भेजे जाने की जानकारी मिलने का भी दावा किया गया है। सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच ATS के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर जैश-ए-मुहम्मद प्रमुख मसूद अजहर के भाषणों से प्रभावित था। उस पर सोशल मीडिया के माध्यम से जेहाद और खिलाफत से जुड़े संदेश साझा करने का आरोप भी लगाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के डिजिटल रिकॉर्ड, संपर्कों, सोशल मीडिया गतिविधियों और कथित आर्थिक लेनदेन की जांच की जा रही है। UAPA के तहत केस दर्ज ATS ने मोहम्मद जफर के खिलाफ BNS और UAPA की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के संपर्क किन लोगों से थे और कथित तौर पर भेजी गई रकम का इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया गया। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और ATS आरोपी से जुड़े अन्य संभावित कनेक्शनों की भी पड़ताल कर रही है। ये भी पढ़ें: UP में BJP का नया समीकरण! ब्राह्मण, महिला, OBC और मुस्लिम चेहरों को नितिन नवीन की टीम में जगह