NEET Re-Exam 2026: 21 जून को होने वाले NEET-UG 2026 री-एग्जाम को लेकर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस बार बायोमेट्रिक सत्यापन, सुरक्षा जांच और ड्रेस कोड को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। ऐसे में परीक्षा में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थियों के लिए इन नियमों को जानना बेहद जरूरी है। क्या है नए रूल NTA के अनुसार, परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी उम्मीदवारों की अनिवार्य सुरक्षा जांच की जाएगी। इसके बाद प्रत्येक अभ्यर्थी का बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया जाएगा, जिससे उम्मीदवार की पहचान सुनिश्चित की जा सके। हालांकि एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी तकनीकी कारण, मशीन में खराबी, सर्वर कनेक्टिविटी की समस्या या बायोमेट्रिक डेटा की गुणवत्ता खराब होने के कारण सत्यापन नहीं हो पाता है, तो उम्मीदवार को परीक्षा से वंचित नहीं किया जाएगा। बायोमेट्रिक प्रक्रिया पर बड़ा अपडेट ऐसी स्थिति में संबंधित अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित घोषणा-पत्र भरना होगा और उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी। NTA ने यह भी कहा है कि किसी भी छात्र को बायोमेट्रिक प्रक्रिया के कारण अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर यह प्रक्रिया परीक्षा शुरू होने से पहले या परीक्षा समाप्त होने के बाद पूरी की जा सकती है। ड्रेस कोड पर जरुरी जानकारी ड्रेस कोड को लेकर भी एजेंसी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उम्मीदवारों को हल्के और साधारण कपड़े पहनकर आने की सलाह दी गई है। मौसम या अन्य जरूरतों के चलते फुल स्लीव या ऊनी वस्त्र पहनने की अनुमति होगी, लेकिन ऐसे अभ्यर्थियों को अतिरिक्त जांच के लिए समय से पहले केंद्र पहुंचना होगा। धार्मिक मान्यताओं से जुड़े वस्त्र और प्रतीकों जैसे पगड़ी, हिजाब, कलावा आदि पहनने की भी अनुमति दी गई है। हालांकि सुरक्षा जांच के लिए पर्याप्त समय रखना जरूरी होगा। NTA ने अभ्यर्थियों को चप्पल या कम हील वाले फुटवियर पहनकर आने की सलाह दी है। ऊंची हील वाले जूते पहनने पर अतिरिक्त जांच की जा सकती है। क्या न लेकर जाए परीक्षा केंद्र में केवल पारदर्शी पानी की बोतल और पारदर्शी प्लास्टिक पाउच में रखा एडमिट कार्ड ही ले जाने की अनुमति होगी। मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। इसके अलावा भारी आभूषण, बड़े बेल्ट बकल और धातु से बनी अन्य वस्तुएं भी अनुमति सूची में शामिल नहीं हैं। एग्जाम की टाइमिंग परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी, जबकि PwD/PwBD श्रेणी के पात्र अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय दिया जाएगा। NTA ने सभी उम्मीदवारों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है। ये भी पढ़ें: सरकार के पास है पावर… दिल्ली हाईकोर्ट ने टेलीग्राम पर बैन हटाने से किया इनकार