Akhilesh Yadav: भारी बारिश के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल और पार्किंग क्षेत्र को जोड़ने वाले मार्ग पर जलभराव का वीडियो सामने आने से सियासत गरमा गई है। वीडियो वायरल होने के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए तंज कसा कि ‘अब क्या एयरपोर्ट पर नाव चलेगी?’ मंगलवार को हुई तेज बारिश के बाद एयरपोर्ट परिसर के कनेक्टिंग मार्ग पर पानी जमा हो गया था। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में जलभराव साफ दिखाई दिया। इसके बाद एयरपोर्ट की जलनिकासी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे। अखिलेश ने सरकार पर साधा निशाना मामले को लेकर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर प्रदेश सरकार पर कटाक्ष किया। उन्होंने सवालिया अंदाज में लिखा कि क्या अब एयरपोर्ट पर नाव चलेगी? साथ ही उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए ‘जहां भाजपा सरकार, वहां महा-भ्रष्टाचार’ जैसी टिप्पणी की। अखिलेश के बयान के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। वहीं, जलभराव का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। https://twitter.com/yadavakhilesh/status/2087374006605516827 एयरपोर्ट प्रबंधन ने क्या कहा? नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक, अचानक हुई तेज बारिश के कारण टर्मिनल और पार्किंग के बीच कुछ समय के लिए पानी जमा हुआ था। एयरपोर्ट की टीमों ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और आधे घंटे से भी कम समय में जलभराव को हटा दिया। प्रबंधन ने बताया कि इस दौरान वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से संचालित किया गया। इससे उड़ानों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा और यात्रियों की आवाजाही भी जारी रही। अब स्थिति सामान्य पानी हटाए जाने के बाद टर्मिनल और पार्किंग के बीच वाहनों तथा यात्रियों की आवाजाही सामान्य हो गई है। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि बारिश के दौरान किसी भी तरह की परेशानी से तुरंत निपटा जा सके। जलभराव को लेकर जहां विपक्ष सरकार पर सवाल उठा रहा है, वहीं एयरपोर्ट प्रबंधन का दावा है कि स्थिति को तेजी से नियंत्रित कर सामान्य व्यवस्था बहाल कर दी गई। ये भी पढ़ें: तेज बारिश में डूबा नोएडा एयरपोर्ट, पार्किंग में भरा पानी, एयरपोर्ट प्रबंधन ने दी सफाई