Amroha Gangrape Case: उत्तर प्रदेश के अमरोहा के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में झूलपुरी स्थित खानपुर (उत्तराखंड) के विधायक उमेश शर्मा के फार्म हाउस पर हरियाणा की 23 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हसनपुर कोतवाली का दरोगा व अमरोहा पुलिस लाइन में तैनात सिपाही और असम में सीआरपीएफ की 156 वीं बटालियन में इंस्पेक्टर और पांचवीं बटालियन दिल्ली के हेड कांस्टेबल पर गैंगरेप का गंभीर आरोप हैं। फ़िलहाल पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित भी कर दिया है। हसनपुर कोतवाली में सभी से पूछताछ की जा रही है। विधायक के फार्म हाउस पर सामूहिक दुष्कर्म जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात तीन आरोपी मेरठ में एक स्थान पर रुके। इसके बाद मंगलवार की शाम तीनों कार से हसनपुर कोतवाली पहुंचे, जहां गेट पर सादे कपड़ों में पहले से मौजूद दरोगा संजय तोमर भी उनकी गाड़ी में सवार हो गया। जिसके बाद सभी खानपुर (उत्तराखंड) के विधायक उमेश शर्मा के फार्म हाउस पर पहुंचे। वहां कुछ कमरे लिए गए। कुछ देर बाद सिपाही प्रमोद कुमार खाना और शराब लेकर वहां पहुंचा। रात में खाना-पीना होने के बाद मोहित, लालाराम और संजय तोमर जबरन युवती के कमरे में घुस आए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद सिपाही प्रमोद अंदर घुसा तो युवती ने हिम्मत करके उसे धक्का देकर बाहर निकाला और कमरा अंदर से लॉक कर लिया। इसके बाद युवती ने पुलिस को फोन किया। मंगलवार रात में ही पुलिस ने छापा मारकर फार्म हाउस से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। धार्मिक स्थल घुमाने का दिया झांसा पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी सीआरपीएफ जवान मोहित पीड़िता को बहला-फुसलाकर अपने साथ लाया था। उसने पीड़िता को सोनीपत में मिलने के बाद प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मनोना धाम घुमाने का झांसा दिया था। पीड़िता उसकी कार में सवार हो गई लेकिन आरोपी उसे मनोना धाम ले जाने के बजाय सीधे मेरठ होते हुए अमरोहा के हसनपुर ले आया और फार्म हाउस में ठहराकर वारदात को अंजाम दिया। संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज मामले की जानकारी देते हुए अमरोहा के पुलिस अधीक्षक (SP) लखन सिंह यादव ने बताया कि पीड़िता द्वारा शिकायत मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सबसे पहले युवती को सुरक्षित किया गया। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि महिला अपने परिचित मोहित (CRPF कॉन्स्टेबल) और लालाराम (CRPF इंस्पेक्टर) के साथ अमरोहा आई थी। यह लोग यहां अपने मित्र संजय से मिलने पहुंचे थे, जहां प्रमोद नाम का व्यक्ति उन्हें गेस्ट हाउस में खाना देने आया था। पीड़िता की लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने तुरंत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया और चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, पीड़िता का डॉक्टरी परीक्षण कराया जा रहा है और बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फॉरेंसिक टीम और पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। दुष्कर्म मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार जानकारी के अनुसार, दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में सामूहिक दुष्कर्म मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को हुई इस वारदात के बाद एक्शन में आई पुलिस ने मुख्य आरोपी आसिफ को सुबह एनकाउंटर के बाद दबोचा, जिसके बाद फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों- हेमंत और मुकेश को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस दर्दनाक घटना ने राजधानी में महिला सुरक्षा की स्थिति पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ये भी पढ़ें: अवैध असलहा फैक्ट्री का पर्दाफाश, 14 तमंचा और उपकरण बरामद; 3 गिरफ्तार