Auraiya News: उत्तर प्रदेश में औरैया शहर के मोहल्ला विधि चंद्र में बारिश थमने के बाद भी जलभराव की समस्या खत्म नहीं हुई है। कई दिनों से गलियों में पानी भरा होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के बीच जलीय जीव-जंतु भी घूमते नजर आ रहे हैं, जिससे मोहल्लेवासियों में दहशत का माहौल है। बच्चों का स्कूल जाना भी प्रभावित हो रहा है। दो साल से जलभराव मोहल्ले की गलियां कीचड़ और गंदगी से पटी पड़ी हैं। लंबे समय से पानी जमा होने के कारण आसपास दुर्गंध भी फैल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं और छोटे बच्चों को घर से बाहर निकालना मुश्किल हो गया है। मोहल्ला निवासी रोहित शर्मा, नाजिमा और दिनेश शर्मा ने आरोप लगाया कि नगर पालिका प्रशासन की ओर से बनाया गया नाला गलियों की तुलना में काफी ऊंचा है। इसके चलते गलियों का पानी नाले में नहीं जा पा रहा है और मोहल्ले में जलभराव बना हुआ है। उन्होंने बताया कि बीते करीब दो वर्षों से यह समस्या लगातार बनी हुई है। इससे पहले मोहल्ले में इस तरह जलभराव की समस्या नहीं होती थी। स्थायी जल निकासी की मांग लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने और गलियों की सफाई कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जलभराव के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। इस संबंध में पालिका के सभासद इरशाद ने बताया कि मोहल्ला पढ़ीन दरवाजा नई बस्ती में पानी निकासी के लिए पंप लगाए गए हैं। वहां का काम समाप्त होने के बाद विधि चंद्र मोहल्ले में भी पंप लगाकर पानी निकलवाया जाएगा। ये भी पढ़ें: संभल हिंसा मामले में बड़ा फैसला, मुल्ला अफरोज की NSA हिरासत रद्द! यूपी सरकार पर 10 लाख रूपये का जुर्माना