उत्तर प्रदेशबहराइच

12 वर्षीय मासूम को नदी में खींच ले गया मगरमच्छ, कैमरे में कैद हुई खौफनाक तस्वीर

बहराइच के टिकुरी गांव में धान की रोपाई के दौरान 12 वर्षीय सुनील सिंह को मगरमच्छ नदी में खींच ले गया। वन विभाग जांच में जुटा है, घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।

Reported by AJAY SHARMA and edited by Shagun Chaurasia

Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थाना बौंडी क्षेत्र के टिकुरी गांव में नदी किनारे धान की रोपाई के दौरान 12 वर्षीय एक मासूम बच्चे को मगरमच्छ ने अचानक अपना शिकार बना लिया। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही मगरमच्छ बच्चे को गहरे पानी में खींच ले गया।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, टिकुरी गांव निवासी 12 वर्षीय सुनील सिंह नदी के किनारे खेत में चल रही धान की रोपाई के दौरान मौजूद था। इसी बीच पानी में छिपा एक विशाल मगरमच्छ अचानक बाहर निकला और उसने बच्चे को अपने जबड़ों में दबोच लिया। बच्चे की चीख सुनते ही आसपास काम कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए मगरमच्छ को भगाने की कोशिश की, लेकिन वह बच्चे को लेकर नदी की गहराई में गायब हो गया।

मासूम की तलाश

घटना के बाद पूरे गांव में मातम जैसा माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि इस इलाके में पहले भी मगरमच्छ देखे जाने की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे नदी किनारे रहने वाले लोगों में लगातार डर बना रहता है। सूचना मिलते ही वन विभाग और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हैं और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही नदी और आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है।

गांव में खौफ

इस दर्दनाक घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में घटना के बाद मची अफरा-तफरी और ग्रामीणों की चीख-पुकार सुनाई दे रही है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

ये भी पढ़ें: बहराइच में मेडिकल माफियाओं पर बड़ा एक्शन! 80 अवैध नर्सिंग होम सीज, 250 संस्थानों को नोटिस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »