Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक प्राथमिक विद्यालय में मिड डे मील तैयार करते समय बड़ा हादसा हो गया। बच्चों के लिए रोटियां बना रही महिला रसोइया गैस चूल्हे की पाइप फटने से लगी आग की चपेट में आ गई। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गैस पाइप फटा यह घटना बौंडी थाना क्षेत्र के बदरौली के पास स्थित मूसेपुर प्राथमिक विद्यालय की है। घायल महिला की पहचान राजकुमारी के रूप में हुई है, जो विद्यालय में रसोइया के पद पर कार्यरत हैं। जानकारी के अनुसार, वह बच्चों के मध्यान्ह भोजन के लिए रोटियां बना रही थीं। इसी दौरान अचानक गैस चूल्हे से जुड़ी पाइप फट गई, जिससे तेज आग भड़क उठी और वह उसकी चपेट में आ गईं। https://twitter.com/INDIAHEADLINEST/status/2080524306027614347 पति ने बताया घायल महिला के पति दिनेश कुमार ने बताया कि आग लगने से राजकुमारी के कपड़े और शरीर का बड़ा हिस्सा झुलस गया। हादसे के तुरंत बाद स्कूल स्टाफ और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने संभाला मोर्चा घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में गैस पाइप फटने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि विद्यालय की रसोई में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। ये भी पढ़ें: आधी रात NH पर यात्रियों से भरी डबल डेकर बस का पीछा! स्कॉर्पियो सवारों पर जबरन ढाबे ले जाने का आरोप