उत्तर प्रदेशनोएडा

पुलिस मुठभेड़ में स्नैचिंग और चोरी गैंग का बदमाश घायल, तीन गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा में पुलिस मुठभेड़ के बाद स्नैचिंग और चोरी के तीन बदमाश गिरफ्तार हुए। एक बदमाश गोली लगने से घायल हुआ। पुलिस ने हथियार, नकदी, चोरी का सामान और बाइक बरामद की।

Noida News: ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना पुलिस और ग्रेटर नोएडा एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई में स्नैचिंग और चोरी की वारदातों में शामिल तीन बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, चोरी और स्नैचिंग का सामान, नकदी तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई

एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि दादरी पुलिस और एसओजी टीम घोड़ी बछेड़ा से हजरतपुर नहर बंबा के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध आर-15 मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आलम के पैर में गोली लग गई।

हथियार और नकदी बरामद

घायल बदमाश की पहचान बुलंदशहर के गुलावठी निवासी 21 वर्षीय आलम के रूप में हुई है। वहीं उसके दो साथी 20 वर्षीय सद्दाम और 20 वर्षीय जिसान को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। एडीसीपी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, दो अवैध चाकू, स्नैच किया गया पीली धातु का एक लोकेट, चोरी की चार जोड़ी बिछिया, दो सफेद धातु के सिक्के, 40 हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त आर-15 मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

पूछताछ में बड़ा खुलासा

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 23 जुलाई को दादरी क्षेत्र में एक चैन स्नैच किया था, जिसके संबंध में थाना दादरी में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा करीब 15 दिन पहले म्यू-1 क्षेत्र के एक बंद मकान में चोरी की थी। बरामद बिछिया, सिक्के और नकदी उसी चोरी से संबंधित हैं। नकदी चोरी के आभूषण बेचकर प्राप्त की गई थी।
घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया है। एडीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें: नोएडा प्राधिकरण का बड़ा एक्शन, सफाई में लापरवाही पर 3 सुपरवाइजर बर्खास्त

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »