Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा रेंज अंतर्गत लोधन पुरवा गांव में शनिवार सुबह तेंदुए के हमले से 85 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई कर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। क्या है पूरा मामला जानकारी के अनुसार, श्री राम (85) शनिवार सुबह करीब चार बजे घर से शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें तत्काल मिहीपुरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। तत्काल आर्थिक सहायता घटना की सूचना मिलते ही ककरहा रेंज के अधिकारी किरण कुमार सिंह वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्व दीक्षित ने बताया कि मृतक के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध करा दी गई है, जबकि शेष मुआवजा नियमानुसार जल्द दिया जाएगा। जल्द लगेगा पिंजरा वन विभाग के मुताबिक, घटना स्थल जंगल से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। तेंदुए की गतिविधियों को देखते हुए इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है और उसे पकड़ने के लिए जल्द ही पिंजरा लगाया जाएगा। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले खेतों या जंगल के आसपास न जाएं। यदि किसी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। ये भी पढ़ें: 12 वर्षीय मासूम को नदी में खींच ले गया मगरमच्छ, कैमरे में कैद हुई खौफनाक तस्वीर