Bareilly News: उत्तर प्रदेश में बरेली के बिथरी चैनपुर थाने में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब छेड़छाड़ के आरोप में हिरासत में लाया गया एक युवक पूछताछ के दौरान अचानक बेकाबू हो गया। शराब के नशे में धुत आरोपी ने गुस्से में CCTNS कार्यालय के गेट पर लगे शीशे पर हाथ दे मारा, जिससे शीशा टूट गया और उसका हाथ गंभीर रूप से कट गया। पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाकर इलाज कराया। क्या है पूरा मामला जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र की एक महिला ने डायल-112 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि एक युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की और गाली-गलौज करते हुए अभद्र व्यवहार किया। सूचना मिलते ही पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और आरोपीअनिल, निवासी ग्राम चैनपुर, को हिरासत में लेकर थाने ले आई। शीशा तोड़ हुआ घायल थाने में पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी शराब के नशे में था। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता शुरू कर दी। देखते ही देखते वह आक्रोशित हो गया और CCTNS कार्यालय के गेट पर लगे कांच पर जोरदार हाथ मार दिया। कांच टूटते ही उसके दाहिने हाथ में गहरा घाव हो गया और काफी खून बहने लगा। घटना के बाद थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने बिना देरी किए घायल आरोपी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बिथरी चैनपुर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी चोट को गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए शहर के एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल रेफर कर दिया। पुलिस ने दी जानकारी सीओ हाइवे देवेश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ महिला की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि थाने में हुई घटना के बाद भी पुलिस ने मानवता दिखाते हुए आरोपी का तत्काल इलाज कराया। फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ दर्ज मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। वहीं, थाने में तोड़फोड़ और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार के पूरे घटनाक्रम को भी जांच में शामिल किया गया है। ये भी पढ़ें: कांवड़ यात्रा से पहले हाई अलर्ट, UP-उत्तराखंड पुलिस की अहम बैठक