Uttar Pradesh || Heat || Power Cut| | Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। शनिवार तड़के, एक खुशहाल परिवार जो रात की गर्मी और बिजली कटौती से परेशान होकर बाहर सोया था, तेज रफ्तार में आई एक गाड़ी के कारण पूरी तरह से तबाह हो गया। उन्हें क्या पता था कि ये उनकी आखिरी रात थी। यह दर्दनाक हादसा फतेहपुर थाना क्षेत्र के झांसा गांव में रात करीब दो बजे हुआ। बिजली न होने के कारण 35 वर्षीय नीरज अपनी पत्नी आरती और तीन बच्चों के साथ घर के बाहर सो रहे थे। अचानक, एक तेज गति से आ रहा डंपर नियंत्रण खोकर सड़क किनारे लगे एक पेड़ से टकराया और फिर सीधे सोते हुए परिवार के ऊपर चढ़ गया। मौके पर मौत हादसे की आवाज सुनते ही गांव वाले मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस दुर्घटना में नीरज और उनके 13 साल के बेटे अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 10 साल की अंशिका और 6 साल के आंशू ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। नीराज की पत्नी आरती की हालत काफी गंभीर है और उन्हें इलाज के लिए लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है। डंपर चालक फरार ग्रामीणों का कहना है कि नीरज पेशेवर मैजिक गाड़ी चलाते थे और मेहनत से अपने परिवार का गुजारा करते थे। इस हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है। घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी है। ये भी पढ़ें:पीएम मोदी पर टिप्पणी के आरोपों में घिरे अजय राय, बीजेपी ने जताई नाराजगी