District Hospital Noida: सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल से सामने आए एक वायरल वीडियो ने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब 38 सेकेंड के इस वीडियो में एक गार्ड इंजेक्शन में दवा भरता हुआ नजर आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि उसके आसपास डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ भी दिखाई दे रहे हैं, लेकिन वीडियो में किसी को गार्ड को रोकते हुए नहीं देखा गया। मेज पर रखे थे कई इंजेक्शन और सिरिंज वीडियो में गार्ड एक कुर्सी पर बैठा दिखाई देता है। उसके सामने मेज पर करीब 15 से 20 इंजेक्शन रखे हैं। वहीं लगभग इतनी ही संख्या में सिरिंज भी नजर आ रही हैं। गार्ड बारी-बारी से सिरिंज में दवा भरता दिख रहा है। हालांकि, वह किस दवा को कितनी मात्रा में भर रहा था, इसकी पुष्टि केवल वीडियो के आधार पर नहीं हो सकती। वीडियो में उसके आसपास अस्पताल का पैरामेडिकल स्टाफ भी मौजूद दिखाई देता है। इसके बावजूद गार्ड द्वारा यह काम किए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। गलत दवा या मात्रा पड़ सकती है भारी मरीजों को इंजेक्शन लगाने से पहले दवा तैयार करने का काम प्रशिक्षित चिकित्सा कर्मचारियों द्वारा किया जाना महत्वपूर्ण माना जाता है। दवा की मात्रा में गलती या गलत दवा तैयार होने की स्थिति में मरीज की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है। ऐसे में वायरल वीडियो ने अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने जिम्मेदार कर्मचारियों की भूमिका की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। पहले भी लापरवाही के आरोप जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर इससे पहले भी शिकायतें और लापरवाही के आरोप सामने आते रहे हैं। हाल में छत से गिरकर घायल बच्ची को इलाज मिलने में देरी के आरोप को लेकर विवाद हुआ था। इससे पहले इमरजेंसी में एक दंपति को उपचार नहीं मिलने के बाद लौटने का मामला भी सामने आया था। जांच के बाद खुलेगा राज अब गार्ड के इंजेक्शन में दवा भरने का वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन की निगरानी व्यवस्था फिर सवालों के घेरे में है। हालांकि, वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया था और उसमें नजर आ रहे गार्ड व अन्य कर्मचारियों की वास्तविक भूमिका क्या थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले में अस्पताल प्रशासन की जांच के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी। ये भी पढ़ें: लिफ्ट देकर बनाया बंधक, ऑनलाइन निकाले पैसे! पुलिस ने खोला पूरा राज