Banda Plantation Drive: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में लगातार घटते वन क्षेत्र को देखते हुए जिला प्रशासन ने हरियाली बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। पर्यावरण संरक्षण और वन क्षेत्र के विस्तार को लेकर प्रशासन ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में खनिज विभाग ने खनन व्यवसायियों के साथ बैठक कर उन्हें अपने-अपने खनन क्षेत्रों के आसपास बड़े पैमाने पर पौधारोपण करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। क्या है मुख्य उद्देश्य एडीएम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में खनिज अधिकारी राज रंजन ने स्पष्ट कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि उनके संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी संबंधित खनन संचालकों की होगी। प्रशासन का उद्देश्य खनन गतिविधियों से प्रभावित क्षेत्रों में हरित आवरण को बढ़ाना और पर्यावरण संतुलन बनाए रखना है। वन क्षेत्र में होगा विशेष अभियान खनिज विभाग ने इस वर्ष लगभग एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए विभिन्न खनन क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि यदि पौधारोपण के साथ उनका संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए तो आने वाले वर्षों में जिले के वन क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। प्रशासन की इस पहल को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ये भी पढ़ें: 25 दिन से अंधेरे में गांव, बिजली न मिलने पर कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीण