Etawah Road Accident: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार को हुए सड़क हादसे में बाराबंकी में तैनात क्षेत्राधिकारी (CO) नरेंद्र सिंह की मौत हो गई। ऊसराहार क्षेत्र में उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में CO गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। कार में मौजूद उनके गनर योगेंद्र सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है। लखनऊ से आगरा जा रहे थे CO पुलिस के मुताबिक, नरेंद्र सिंह मूल रूप से गौतमबुद्ध नगर के रहने वाले थे। रविवार शाम वह कार से लखनऊ से आगरा की ओर जा रहे थे। उनके साथ सिपाही गनर योगेंद्र सिंह भी मौजूद थे। बताया गया कि ऊसराहार थाना क्षेत्र में खरगुआ के पास उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। नरेंद्र सिंह की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। गनर का अस्पताल में इलाज जारी हादसे में घायल सिपाही योगेंद्र सिंह का उपचार अस्पताल में चल रहा है। पुलिस उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। करीब छह महीने पहले बने थे CO बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने नरेंद्र सिंह की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि करीब छह महीने पहले नरेंद्र सिंह बागपत में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। प्रांतीय पुलिस सेवा में पदोन्नति के बाद उन्हें क्षेत्राधिकारी बनाया गया था। बाराबंकी में तैनाती के बाद नरेंद्र सिंह कार्यालय संबंधी जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। हादसे की खबर सामने आने के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस हादसे की विस्तृत जांच कर रही है। ट्रक और कार की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। ये भी पढ़ें: रात के अंधेरे में DCM को घेरा तो चली गोलियां, मुठभेड़ में गो-तस्कर घायल, 10 गोवंश बरामद