उत्तर प्रदेश

रात के अंधेरे में DCM को घेरा तो चली गोलियां, मुठभेड़ में गो-तस्कर घायल, 10 गोवंश बरामद

गाजीपुर में नोनहरा पुलिस ने संदिग्ध DCM रोकने पर फायरिंग के आरोप में कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में एक घायल, दूसरा गिरफ्तार हुआ; वाहन से 10 गोवंश बरामद हुए।

Reported by Pradeep Dubey and edited by Shagun Chaurasia

GhazipurPolice Action: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में अपराधियों और गो-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान नोनहरा पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। सोमवार देर रात संदिग्ध DCM को रोकने के दौरान पुलिस पर फायरिंग किए जाने का आरोप है। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।

संदिग्ध DCM की सूचना पर घेराबंदी

पुलिस के अनुसार, नोनहरा थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी टीम के साथ रात में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान अटवा मोड़ चौकी प्रभारी से सूचना मिली कि गाजीपुर घाट की तरफ से मुहम्मदाबाद होते हुए बिहार जा रही एक संदिग्ध DCM वाहन में गोवंश ले जाए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अटवा मोड़ पक्का पुल मंदिर के पास घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध DCM वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि उसमें सवार लोगों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में एक घायल

पुलिस के मुताबिक, आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान परमजीत सिंह के बाएं पैर में गोली लगी। उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल गाजीपुर भेजा गया। वहीं पुलिस ने उसके साथी गुरपंत सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान परमजीत सिंह (26), निवासी प्रतापगढ़, थाना कुमकला, जिला लुधियाना और गुरपंत सिंह (25), निवासी लातोनदाना, थाना कुमकला, जिला लुधियाना के रूप में बताई है।

DCM से 10 गोवंश और तमंचा बरामद

पुलिस का दावा है कि आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इसके अलावा पंजाब नंबर की DCM और उसमें लदे 10 गोवंश भी पुलिस ने बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे पंजाब से गोवंश लेकर बिहार जा रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गोवंश की तस्करी के पूरे रास्ते की जानकारी जुटा रही है।

मुठभेड़, हथियार बरामदगी और गोवंश मिलने के मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें: नुक्कड़ नाटक के दौरान बवाल, बीजेपी कार्यकर्ता को पीटा! CCTV में कैद हुई पूरी घटना

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »