उत्तर प्रदेश

गंगा में नहाने उतरे चार युवक, तीन की बची जान, एक की डूबने से मौत

गाजीपुर के पोस्ता घाट पर गंगा स्नान के दौरान चार युवक डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने तीन को बचा लिया, जबकि 15 वर्षीय पीयूष की डूबने से मौत हो गई।

Ghazipur News: गाजीपुर के पोस्ता घाट पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गंगा स्नान के दौरान चार युवक तेज बहाव में बहने लगे। स्थानीय लोगों और नाविकों की तत्परता से तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 15 वर्षीय किशोर पीयूष की डूबने से मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल उठने लगे हैं।

गंगा स्नान बना हादसा

जानकारी के अनुसार, बिरनो थाना क्षेत्र के पालिया गांव से एक परिवार अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गाजीपुर के श्मशान घाट पहुंचा था। दाह संस्कार के बाद पीयूष अपने साथियों प्रियांशु, रिशु और दुर्गा प्रसाद के साथ गंगा स्नान के लिए पोस्ता घाट गया। इसी दौरान पीयूष गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में तीनों साथी भी पानी के तेज बहाव में फंस गए।

नाविक बने फरिश्ते

घाट पर मौजूद लोगों और नाविकों ने तुरंत साहस दिखाते हुए बांस और अन्य साधनों की मदद से तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, पीयूष को बचाया नहीं जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के दौरान घाट पर चीख-पुकार मच गई थी और काफी देर तक बचाव कार्य चलता रहा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक गंगा के तेज बहाव में संघर्ष करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक व्यक्ति उन्हें बचाने के लिए तैरकर पहुंचता नजर आता है। इस वीडियो ने लोगों को झकझोर दिया है।

सुरक्षा पर सवाल

परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घाट पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और प्रशिक्षित गोताखोर मौजूद नहीं थे। उनका कहना है कि यदि समय रहते बचाव दल उपलब्ध होता तो पीयूष की जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

रिपोर्ट – प्रदीप दुबे

ये भी पढ़ें: एक ही रात में दो इनामी बदमाश ढेर, पुलिस की गोली से घायल, बहराइच में ताबड़तोड़ एनकाउंटर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »