Bahraich Encounter: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पुलिस ने एक ही रात में दो अलग-अलग मुठभेड़ों में ₹50-50 हजार के इनामी अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। दोनों आरोपी पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि उनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का एक्शन पहली कार्रवाई थाना रामगांव क्षेत्र में हुई, जहां एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में ₹50 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर फिरोज घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या, लूट, चोरी और अन्य गंभीर अपराधों सहित 50 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि 25 जून को उसके एक साथी अलसम को भी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया था, जबकि उस समय फिरोज फरार होने में सफल रहा था। कैसरगंज में मुठभेड़ इसी रात दूसरी मुठभेड़ कैसरगंज थाना क्षेत्र में हुई। क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम और थाना कैसरगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ₹50 हजार का इनामी अपराधी मुलुक राज पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। मुलुक राज थाना बौंडी का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है और उसके खिलाफ चोरी सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। अपराधियों पर शिकंजा दोनों मुठभेड़ों की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की निगरानी की। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में विधिक कार्रवाई की जा रही है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है। लगातार हुई इन कार्रवाइयों को जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। ये भी पढ़ें: राम मंदिर चंदा विवाद के बीच बहराइच दरगाह पर उठे करोड़ों के हिसाब-किताब के सवाल, कमेटी ने दी सफाई