Greater Noida Accident: ग्रेटर नोएडा की महागुन मायवुड्स सोसायटी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। पूजा के लिए फूल तोड़ने बालकनी में गए पिता और उनका 11 वर्षीय बेटा अचानक नीचे गिर गए। हादसे में दोनों की जान चली गई। परिवार की मंदिर जाने की तैयारी कुछ ही पलों में मातम में बदल गई। यह घटना बिसरख थाना क्षेत्र की महागुन मायवुड्स सोसायटी के टावर-23 की है। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके 11 वर्षीय बेटे आरव के रूप में हुई है। दोनों इसी सोसायटी में परिवार के साथ रहते थे। मंदिर जाने से पहले हादसा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह परिवार को खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए जाना था। घर में मंदिर जाने की तैयारियां चल रही थीं। इसी सिलसिले में रणदीप अपने बेटे आरव के साथ पूजा के लिए फूल तोड़ने बालकनी में पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि फूल तोड़ने के लिए सीढ़ी का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक सीढ़ी से संतुलन बिगड़ गया और पिता-पुत्र बालकनी से नीचे गिर गए। अस्पताल पहुंचने से पहले ही बिगड़ गई स्थिति घटना के बाद सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई। पीआरवी के माध्यम से बिसरख थाना पुलिस को हादसे की सूचना दी गई। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल लेकर गई। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद पिता और बेटे दोनों को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। खाटू श्याम मंदिर में दर्शन की तैयारी कर रहा परिवार इस हादसे के बाद गहरे सदमे में है। सोसायटी में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है। रिपोर्ट- आमिर खान ये भी पढ़ें: नोएडा में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का बड़ा एक्शन, 5 चौकी प्रभारी सस्पेंड, कई अधिकारियों पर जांच शुरू