उत्तर प्रदेशहमीरपुर

मोहर्रम से पहले हमीरपुर में हाई अलर्ट! प्रशासन ने बुलाई पीस कमेटी की बैठक ,दिए अहम निर्देश

हमीरपुर में मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पीस कमेटी की बैठक हुई। प्रशासन ने सुरक्षा, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था की समीक्षा कर अफवाहों से बचने की अपील की।

Reported by Ashutosh Dixit and edited by Shagun Chaurasia

Hamirpur News: हमीरपुर में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, ताजिया कमेटी के सदस्यों और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

ताजिया जुलूसों की हुई समीक्षा

बैठक के दौरान मोहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूसों के निर्धारित मार्गों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति तथा विद्युत व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जुलूस मार्गों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएंगी।

भीड़भाड़ में विशेष सतर्कता

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। ऐसे स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और लगातार निगरानी रखी जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की शरारती गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया को लेकर भी चेतावनी

बैठक में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए लोगों से विशेष अपील की गई कि वे किसी भी अपुष्ट जानकारी, अफवाह या भ्रामक पोस्ट पर विश्वास न करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासनिक अधिकारियों को दें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी के सहयोग से मोहर्रम का पर्व शांति, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न कराया जाएगा।

ये भी पढ़ें: हमीरपुर में रिश्तों का खौफनाक अंत, बेटे ने लाठी से पीटकर पिता की ली जान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »