उत्तर प्रदेश

सावन के पहले सोमवार पर उमड़ा आस्था का सैलाब, महादेवी घाट से गंगाजल भरने पहुंचे शिवभक्त

सावन के पहले सोमवार पर कन्नौज के महादेवी घाट पर हजारों शिवभक्त उमड़े। गंगाजल भरकर बाबा गौरीशंकर का जलाभिषेक किया। सुरक्षा के लिए पुलिस, ड्रोन और सीसीटीवी से कड़ी निगरानी रही।

Reported by Pankaj Kumar and edited by Shagun Chaurasia

Kannauj News: श्रावण मास के पहले सोमवार पर कन्नौज के महादेवी घाट पर शिवभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। महादेवी घाट पर गंगा स्नान करने के बाद श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगाजल भरकर बाबा गौरीशंकर महादेव का जलाभिषेक किया। देर रात से ही महादेवी घाट पर शिवभक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए एएसपी अजय कुमार, एसडीएम सदर व सीओ शिल्पा वर्मा भ्रमणशील रहीं। शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए महादेवी घाट से बाबा गौरीशंकर मार्ग तक पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए। सदर कोतवाली क्षेत्र में बाबा गौरीशंकर महादेव का धाम स्थित है।

शिवभक्तों का सैलाब

सावन के पहले सोमवार पर जनपद के महादेवी गंगा घाट (मेहंदी घाट) पर तड़के से ही शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और कांवड़ में पवित्र गंगाजल भरकर बाबा गौरीशंकर मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना करते हुए भोलेनाथ के जयकारे लगाए।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

श्रावण मास के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में मेहंदी घाट पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पूरे क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया तथा वायरलेस कंट्रोल रूम स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की गई। रातभर ड्रोन कैमरों से भी घाट क्षेत्र पर नजर रखी गई।

अधिकारियों की निगरानी

व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, सदर एसडीएम वैभव गुप्ता, सदर क्षेत्राधिकारी शिल्पा वर्मा, तिर्वा क्षेत्राधिकारी कुलबीर सिंह, सदर कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह तथा मेहंदी घाट चौकी प्रभारी महेश शर्मा लगातार मौके पर भ्रमण करते रहे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की गई। वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई तथा मेहंदी घाट की ओर बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रखा गया, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

ये भी पढ़ें: गुरु पूर्णिमा मेले में चोरी की थी तैयारी, उससे पहले ही पुलिस ने दबोचा गैंग, 3 बदमाश गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »