La Residencia Society: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक हाईराइज सोसायटी में इन दिनों लोग एक अनोखे खौफ से गुजर रहे हैं। ला रेजिडेंशिया सोसायटी में उल्लुओं के अचानक हमले से कई निवासी परेशान हैं। लोगों का दावा है कि उल्लू अचानक ऊपर से झपट्टा मारते हैं, जिससे कुछ लोगों को चोटें भी आई हैं। अचानक ऊपर से करते हैं हमला सोसायटी के निवासियों के मुताबिक, यहां उल्लुओं का एक जोड़ा लगातार दिखाई दे रहा है। आरोप है कि ये उल्लू अचानक लोगों के ऊपर झपट्टा मार देते हैं। रिपोर्ट्स में अब तक करीब 5 से 6 लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। कुछ लोगों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगने की जानकारी भी सामने आई है। हमले की अचानक होने वाली घटनाओं ने सोसायटी के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर शाम के समय बाहर निकलने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है। बच्चों और बुजुर्गों को लेकर डर उल्लुओं के हमले की खबरों के बाद अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। कई परिवार बच्चों को अकेले बाहर भेजने से बच रहे हैं। बुजुर्गों के लिए भी सोसायटी परिसर में आवाजाही को लेकर डर का माहौल है। निवासियों का कहना है कि अगर समय रहते स्थिति को नियंत्रित नहीं किया गया तो किसी व्यक्ति को गंभीर चोट लग सकती है। यही वजह है कि लोग वन विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं। वन विभाग से सुरक्षित रेस्क्यू की मांग मामले की जानकारी संबंधित विभाग तक पहुंचाने के बाद सोसायटी के लोगों ने उल्लुओं को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने की मांग की है। निवासियों का कहना है कि पक्षियों को नुकसान पहुंचाए बिना विशेषज्ञों की मदद से उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया जाए। फिलहाल लोगों की नजर वन विभाग की कार्रवाई पर है। सवाल यही है कि सोसायटी में लोगों पर कथित झपट्टे की घटनाएं कब रुकेंगी और उल्लुओं को सुरक्षित तरीके से कब रेस्क्यू किया जाएगा? ये भी पढ़ें: सर पर लटकी 5 मंजिला मौत! 16 लोगों की जान पर मंडराया खतरा