Delhi Underpas: नोएडा से दिल्ली आने-जाने वाले लाखों वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है। मयूर विहार फेज-1 में क्राउन प्लाजा के पास दिल्ली-यूपी रोड पर नया अंडरपास बनाने की तैयारी है। इसके बनने के बाद DND की ओर से चिल्ला, त्रिलोकपुरी और खिचड़ीपुर जाने वाले ट्रैफिक को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। 500 मीटर लंबा होगा अंडरपास प्रस्तावित अंडरपास करीब 500 मीटर लंबा होगा। इसका मुख्य उद्देश्य क्राउन प्लाजा रेड लाइट पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करना है। इस जंक्शन पर अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के मिलने के कारण सुबह और शाम के समय अक्सर जाम की स्थिति बनती है। नया अंडरपास बनने के बाद सीधे गुजरने वाले वाहनों को चौराहे पर रुकने की जरूरत कम होगी। इससे ट्रैफिक फ्लो बेहतर होने और वाहन चालकों का समय बचने की उम्मीद है। दिल्ली-UP रोड पर भी आसान होगी आवाजाही यह इलाका DMRC के एलिवेटेड कॉरिडोर के आसपास स्थित है। ऐसे में यहां ट्रैफिक का दबाव पहले से ही काफी ज्यादा रहता है। प्रस्तावित अंडरपास से चौराहे के ऊपर और नीचे चलने वाले ट्रैफिक को बेहतर तरीके से अलग करने की योजना है। इसका फायदा नोएडा से दिल्ली आने वाले लोगों के साथ-साथ मयूर विहार, त्रिलोकपुरी और खिचड़ीपुर की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को भी मिल सकता है। निर्माण से पहले होगी पूरी तैयारी हालांकि, प्रोजेक्ट को जमीन पर उतारने में अभी कुछ समय लग सकता है। निर्माण से पहले सड़क विकास से जुड़ी एजेंसियों को जमीन, पेड़ों और आसपास मौजूद जरूरी सेवाओं का सर्वे करना होगा। बिजली, पानी, गैस, टेलीकॉम और अन्य भूमिगत या सतही सेवाओं की स्थिति भी जांची जाएगी, ताकि निर्माण के दौरान इन पर असर न पड़े। पेड़ों का होगा विस्तृत सर्वे प्रोजेक्ट क्षेत्र में मौजूद पेड़ों की पहले गिनती की जाएगी। उनकी प्रजाति, आकार, स्वास्थ्य, स्थिति और स्थान की जानकारी दर्ज की जाएगी। पेड़ों को नंबर देकर मैप पर चिन्हित किया जाएगा। प्रशासन की कोशिश रहेगी कि निर्माण की योजना इस तरह तैयार हो कि ज्यादा से ज्यादा पेड़ों को बचाया जा सके। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि सर्वे और जरूरी मंजूरियों के बाद अंडरपास का काम कब शुरू होगा और कब नोएडा से दिल्ली का यह व्यस्त रास्ता जाम से मुक्त हो पाएगा। ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसायटी में उल्लुओं का आतंक! अचानक झपट्टा मारकर कर रहे हमला