उत्तर प्रदेश

ट्रक में जा घुसी BJP प्रदेश अध्यक्ष की कार! बागेश्वर धाम से लौटते वक्त हाईवे पर हुआ दर्दनाक हादसा

ललितपुर में एनएच-44 पर खड़े ट्रक से टकराकर छत्तीसगढ़ भाजपा अध्यक्ष किरण देव सिंह की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कमर में चोट के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार देकर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

Lalitpur Accident: उत्तर प्रदेश के ललितपुर में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह की कार राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर खड़े ट्रक से पीछे जा टकराई। हादसा तालबेहट क्षेत्र के टेकरी के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में किरण देव सिंह और उनका ड्राइवर दोनों घायल हो गए।

झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद किरण देव सिंह को बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी कमर में गंभीर चोट आई है, हालांकि शुरुआती जांच में किसी हड्डी के टूटने की पुष्टि नहीं हुई है। उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

ट्रक से भीषण टक्कर

बताया जा रहा है कि किरण देव सिंह मध्य प्रदेश स्थित बागेश्वर धाम से लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवे पर सामने से आ रही एक कार ने अचानक कट मार दिया। टक्कर से बचने के प्रयास में चालक ने कार मोड़ी, लेकिन तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा भिड़ा। हादसे के समय कार की रफ्तार करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है।

हादसे की जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही डीएम, एसएसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल भाजपा नेता का हाल जाना। वहीं भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की पड़ताल जारी है।

ये भी पढ़ें: लंबे बालों के साथ वर्कआउट रील्स से सुर्खियों में आईं कानपुर की रुचि, जानिए कैसे करती हैं अपने लंबे बालों की देखभाल?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »