उत्तर प्रदेश

घनश्याम हत्याकांड के 3 फरार आरोपी एनकाउंटर में गिरफ्तार, पैरों में लगी गोली

ललितपुर में घनश्याम हत्याकांड के तीन फरार आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में तीनों के पैरों में गोली लगी। सभी घायल आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Reported by India Headlines and edited by Shagun Chaurasia

Lalitpur Police: उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में पुलिस और तीन फरार आरोपियों के बीच देर रात हुई मुठभेड़ ने इलाके में सनसनी फैला दी। तालबेहट कोतवाली क्षेत्र में उड़वा नहर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि तीनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली तीनों आरोपियों के पैरों में लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

तीन आरोपी घायल

घायल आरोपियों को तत्काल ललितपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी 28 जुलाई 2026 को घनश्याम यादव के साथ हुई मारपीट के मामले में वांछित थे। उस हमले में गंभीर रूप से घायल घनश्याम यादव को पहले ललितपुर मेडिकल कॉलेज और बाद में झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।

भागने की कोशिश नाकाम

घटना के बाद मृतक के परिजनों की शिकायत पर नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि ये तीनों आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी जिले से बाहर भागने की कोशिश में हैं, जिसके बाद चेकिंग अभियान तेज किया गया।

कानूनी कार्रवाई जारी

मुठभेड़ तालबेहट कोतवाली क्षेत्र के बीआईपी खांदी-पुराकला रोड पर हुई। इस कार्रवाई में पुलिस क्षेत्राधिकारी तालबेहट, कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम संयुक्त रूप से शामिल रही। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

रिपोर्ट- बिनोद सुडेले

ये भी पढ़ें: खुले नाले ने छीनी मासूम की जान, नगर पंचायत की लापरवाही पर उठे सवाल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »