Lucknow Protest: 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती से जुड़े अभ्यर्थियों ने गुरुवार को लखनऊ स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में पहुंचकर प्रदर्शन किया। करीब 50 अभ्यर्थियों के अचानक परिसर में पहुंचने के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अभ्यर्थियों ने आरक्षण से जुड़ी अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की और जमीन पर लेटकर विरोध जताया। कार्यालय पहुंचकर शुरू किया प्रदर्शन प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों के हाथों में तख्तियां थीं। कुछ ने सिर पर ‘आरक्षण घोटाला’ लिखी टोपी पहन रखी थी। उनके बीच से ‘आरक्षण से जुड़े मुद्दे का समाधान’ करने की मांग उठाई गई। अभ्यर्थियों ने करीब आधे घंटे तक नारेबाजी और सीटी बजाकर विरोध किया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें कार्यालय परिसर से बाहर निकाला। आरक्षण संबंधी विसंगतियों का आरोप अभ्यर्थियों का कहना है कि 2018 की 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती में आरक्षण लागू करने के दौरान कथित विसंगतियों के कारण कुछ पात्र अभ्यर्थियों को लाभ नहीं मिल पाया। वे भर्ती प्रक्रिया से जुड़े विवाद के समाधान और पात्र अभ्यर्थियों की नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। इस मामले में उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने जून 2026 के अपने निर्णय में 68,500 भर्ती के ओबीसी अभ्यर्थियों को पांच प्रतिशत अर्हता अंक की छूट दिए जाने की अपनी पूर्व संस्तुति बरकरार रखी थी। आयोग ने परिणाम संशोधित कर पात्र अभ्यर्थियों को लाभ देने की भी सिफारिश की थी। ईको गार्डन से जारी है आंदोलन अभ्यर्थियों का आंदोलन पिछले कुछ समय से अलग-अलग स्तरों पर जारी है। 12 सितंबर को प्रदर्शनकारी डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के आवास तक पहुंचे थे और आरक्षण संबंधी मांगों को लेकर नारेबाजी की थी। 21 सितंबर को भी 68,500 भर्ती से जुड़े अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह के आवास पर प्रदर्शन किया था। वहां उन्हें 25 सितंबर को होने वाली विभागीय बैठक में मामले पर विचार किए जाने का आश्वासन मिला था। अब सरकार के फैसले पर नजर 68,500 शिक्षक भर्ती का आरक्षण विवाद लंबे समय से अभ्यर्थियों के आंदोलन का मुद्दा बना हुआ है। राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुतियों के बाद प्रदर्शनकारी उनके अनुपालन की मांग कर रहे हैं। अब 25 सितंबर की प्रस्तावित विभागीय बैठक में इस मामले पर क्या निर्णय सामने आता है, इस पर अभ्यर्थियों की नजर है। ये भी पढ़ें: बसपा में बड़ा बदलाव, ईशान आनंद को मिली अहम जिम्मेदारी; मायावती ने किया बड़ा ऐलान