उत्तर प्रदेशमहोबा

बांदा संत हत्याकांड पर महोबा में उबाल, नामदेव समाज ने दोषियों की गिरफ्तारी की उठाई मांग

महोबा में बांदा संत हत्याकांड को लेकर नामदेव समाज ने जोरदार प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।

Mahoba News: उत्तर प्रदेश में जनपद बांदा के तिंदवारा गांव स्थित त्रिदेव-शनि मंदिर के वृद्ध संत एवं पुजारी ब्रह्मचारी सच्चिदानंद महाराज की निर्मम हत्या के विरोध में मंगलवार को नामदेव समाज ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है। जिलाध्यक्ष मनीष नामदेव के नेतृत्व में समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपर जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा और घटना की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

मंदिर में खूनी वारदात

ज्ञापन में कहा गया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के तिंदवारा गांव स्थित त्रिदेव-शनि मंदिर में 68 वर्षीय ब्रह्मचारी सच्चिदानंद महाराज वर्षों से पूजा-अर्चना एवं धार्मिक सेवा में समर्पित थे। आरोप है कि घटना की रात लगभग 1:30 बजे जब वह मंदिर की छत पर विश्राम कर रहे थे, तभी कुछ असामाजिक तत्वों ने लाठी-डंडों एवं धारदार हथियारों से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में संत गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

संत समाज में आक्रोश

इस घटना से क्षेत्र में शोक एवं आक्रोश का माहौल है। नामदेव समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि ब्रह्मचारी सच्चिदानंद महाराज एक सरल, शांत एवं धर्मनिष्ठ संत थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन समाज सेवा और धार्मिक कार्यों के लिए समर्पित कर दिया। ऐसे संत की नृशंस हत्या न केवल मानवता के विरुद्ध अपराध है, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं और संत समाज की धार्मिक भावनाओं को भी गहरी ठेस पहुंचाने वाली घटना है।

कड़ी कार्रवाई की मांग

ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से मांग की गई कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए तथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही घटना की सुनियोजित साजिश की भी गहन जांच कर सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाए, जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। इस मौके पर अखिलेंद्र नामदेव ने कहा कि प्रदेश सरकार अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की नीति पर कार्य कर रही है।

संत समाज एकजुट

ऐसे में इस जघन्य हत्याकांड में भी त्वरित न्याय होना आवश्यक है, ताकि आमजन एवं संत समाज का कानून व्यवस्था पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। उन्होंने पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने और दोषियों को कठोर से कठोर दंड दिलाने की मांग दोहराई। इस दौरान संरक्षक सुदर्शन नामदेव, विजय नामदेव, डॉ. संत कुमार नामदेव, प्रेम नामदेव, राम किशोर नामदेव, लोकेंद्र नामदेव, अखिलेन्द्र नामदेव, नितिन नामदेव सहित नामदेव समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

ये भी पढ़ें: जिला अस्पताल में शर्मनाक वारदात महिला वार्ड में घुसकर की छेड़छाड़, चप्पलों से सिखाया सबक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »