Noida Mobile Snatch Incident: हाईटेक सिटी नोएडा में सुरक्षा और स्मार्ट पुलिसिंग के दावों के बीच मोबाइल स्नैचिंग की एक घटना ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सेक्टर-22 के सी ब्लॉक में रात के समय घर के बाहर फोन पर बात कर रहे एक पत्रकार से बाइक सवार दो बदमाश मोबाइल झपटकर फरार हो गए। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। पीछे से आए और मोबाइल झपटकर भागे जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 9:30 बजे की है। पत्रकार अपने घर के बाहर खड़े होकर मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और अचानक उनका मोबाइल झपट लिया। वारदात के बाद दोनों बदमाश तेज रफ्तार बाइक से मौके से निकल गए। पीड़ित ने बदमाशों को पकड़ने के लिए तुरंत उनका पीछा किया। CCTV फुटेज में भी वह कुछ दूर तक बदमाशों के पीछे दौड़ते नजर आ रहे हैं। हालांकि, बाइक की रफ्तार अधिक होने के कारण बदमाश कुछ ही देर में आंखों से ओझल हो गए। चेक पोस्ट पर मिले पुलिसकर्मी पीड़ित के मुताबिक, उन्होंने दूसरी बाइक से लिफ्ट लेकर बदमाशों का पीछा जारी रखा। कुछ दूरी पर एक चेक पोस्ट के पास दो पुलिसकर्मी भी मिले। पीड़ित ने उन्हें बाइक सवारों और उनके हुलिए के बारे में जानकारी दी, लेकिन पुलिसकर्मियों ने ऐसे किसी संदिग्ध बाइक सवार को देखने से इनकार किया। मामले को लेकर एक और सवाल तब उठा, जब चेक पोस्ट के पास लगे CCTV कैमरों के बारे में जानकारी मांगी गई। पीड़ित के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने बताया कि वहां लगे कैमरे काम नहीं कर रहे हैं। 'हमारी गाड़ियां उनकी रफ्तार नहीं पकड़ पातीं' पीड़ित का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने बदमाशों का पीछा करने में अपनी सीमाएं भी बताईं। उनका कहना था कि बदमाश तेज बाइक का इस्तेमाल करते हैं और कई बार वाहनों को मॉडिफाई भी कर लेते हैं, जबकि पुलिस की गाड़ियों की रफ्तार उतनी नहीं होती। साथ ही वाहनों की समय पर सर्विसिंग को लेकर भी समस्या बताई गई। इसके बाद पुलिस ने पीड़ित को लिखित शिकायत देने के लिए कहा। पत्रकार ने घटना की शिकायत दर्ज कराई, लेकिन वारदात के बाद सामने आई पुलिस व्यवस्था और CCTV की स्थिति ने नोएडा की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब बड़ा सवाल यह है कि CCTV में कैद बदमाशों तक पुलिस कब पहुंचती है और शहर में बढ़ती स्नैचिंग की घटनाओं पर लगाम कब लगेगी? ये भी पढ़ें: कोर्ट की रोक हटी तो चला बुलडोजर, नोएडा में 7,950 वर्गमीटर जमीन से अवैध निर्माण ध्वस्त