Noida News: ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में थार नहर में गिरने से हुई महिला की मौत का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। मृतका के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ससुराल पक्ष पर FIR पुलिस के अनुसार, मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। शिकायत में पति मोहित, ससुर घनेन्द्र और सास मुनेश देवी पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85, 80(2) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत केस दर्ज किया है। विसरा रिपोर्ट का इंतजार परिजनों का आरोप है कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि साजिश के तहत की गई हत्या हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि पति पिछले कुछ समय से तलाक का दबाव बना रहा था और दूसरी शादी करने की बात भी कहता था। परिवार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, पुलिस जांच में सामने आया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट करने के लिए विसरा को जांच के लिए भेजा गया है। मौत की गुत्थी बरकरार एसीपी स्तर के अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, विसरा जांच और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, नहर से थार गाड़ी को बाहर निकालने का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब हर पहलू की जांच कर रही है ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके। ये भी पढ़ें: जगह-जगह गहरे गड्ढे, जलभराव और गंदगी… CM के सख्त निर्देशों के बावजूद PWD की लापरवाही