उत्तर प्रदेशनोएडा

नोएडा पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, चोरी के वाहन बरामद

नोएडा पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 9 बाइक, 1 स्कूटी और अवैध तमंचा बरामद हुआ। गिरोह दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय था।

Noida Police Action: नोएडा पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सेक्टर-126 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सेक्टर-131 स्थित गढ़ी शाहपुर कट के पास से विकास कुमार, रोहित और कुलदीप को दबोच लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 9 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटी बरामद की गई।

चोरी का बड़ा नेटवर्क

तलाशी के दौरान आरोपी विकास कुमार के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार और बरामद वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय था। आरोपी मॉल, अस्पताल, मेट्रो स्टेशन और बाजारों के बाहर खड़े दोपहिया वाहनों की पहले रेकी करते थे। मौका मिलते ही वाहन चोरी कर उन्हें यमुना के डूब क्षेत्र की झाड़ियों में छिपा देते थे। इसके बाद इंजन और चेसिस नंबर घिसकर उनकी पहचान मिटा दी जाती थी, ताकि उन्हें आसानी से सस्ते दामों पर बेचा जा सके।

चोरी की कबूली वारदातें

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दिल्ली और नोएडा से कई वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की है। अब पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहन खरीदने वाले लोगों की तलाश में जुटी है। आपराधिक रिकॉर्ड की बात करें तो विकास के खिलाफ आर्म्स एक्ट के दो मुकदमे, रोहित पर चोरी और लूट के चार मामले तथा कुलदीप पर चोरी के दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

बरामद वाहनों का विवरण

तीनों आरोपी बुलंदशहर के निवासी हैं और नोएडा-गाजियाबाद में किराए पर रहकर वारदातों को अंजाम देते थे। बरामद वाहनों में हीरो स्प्लेंडर, बजाज सीटी-100 और टीवीएस जूपिटर जैसे मॉडल शामिल हैं, जिनमें दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के पंजीकरण नंबर वाले वाहन भी हैं।

रिपोर्ट- हिमांशु सिंह

ये भी पढ़ें: नोएडा पुलिस का बड़ा एक्शन, जंतर-मंतर प्रदर्शन से जुड़े भ्रामक पोस्ट पर FIR दर्ज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »