Noida Police: ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर ऊबर ड्राइवर से कार लूटकर फरार हुए दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में दबोच लिए गए। जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लगी और पुलिस ने लूटी गई कार, मोबाइल फोन और अवैध हथियार भी बरामद कर लिए। आखिर कैसे 24 घंटे में पुलिस आरोपियों तक पहुंची, देखिए ये रिपोर्ट। 24 घंटे में गिरफ्तारी ऊबर ड्राइवर से लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हुए दो बदमाश अब सलाखों के पीछे हैं। ईकोटेक-1 थाना पुलिस ने वारदात के महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बदमाशों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें मौके से दबोच लिया गया। हथियारों समेत गिरफ्तारी गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, ड्राइवर का मोबाइल फोन, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि वारदात के खुलासे के लिए सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया गया। इन्हीं सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान हुई और 24 घंटे के भीतर पूरी वारदात का खुलासा कर दिया गया। पूछताछ में नए खुलासे फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं इनका संबंध किसी बड़े लूट गिरोह से तो नहीं है। 24 घंटे के भीतर वारदात का खुलासा कर ईकोटेक-1 पुलिस ने एक बार फिर तेज कार्रवाई का दावा किया है। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और उनसे पूछताछ जारी है, जिससे कई और खुलासे होने की उम्मीद है। ये भी पढ़ें: 3.24 करोड़ का शेयर खेल! नोएडा में कंपनी के पूर्व निदेशक समेत 14 लोगों पर धोखाधड़ी का केस