Noida Electric Buses: नोएडा और ग्रेटर नोएडा के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से इन बसों को हरी झंडी दिखाएंगे, जिसके बाद इनका नियमित संचालन शुरू हो जाएगा। सभी तैयारियां हुई पूरी इलेक्ट्रिक बसों का पूरा बेड़ा सेक्टर-90 स्थित बस डिपो पहुंच चुका है। संचालन से पहले सभी तकनीकी और व्यवस्थागत तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नई व्यवस्था के तहत कुल 100 इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतरेंगी, जिनमें 10 आधुनिक डबल डेकर बसें भी शामिल हैं। इन बसों के शुरू होने से शहर के भीतर और आसपास के क्षेत्रों में यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और आरामदायक होने की उम्मीद है। https://twitter.com/INDIAHEADLINEST/status/2065027993714716942 फास्ट चार्जिंग स्टेशन हुए स्थापित यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सेक्टर-90 बस डिपो में फास्ट चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित किए गए हैं। इससे बसों की चार्जिंग कम समय में हो सकेगी और संचालन प्रभावित नहीं होगा। अधिकारियों का मानना है कि इलेक्ट्रिक बसें न केवल प्रदूषण कम करेंगी, बल्कि ईंधन खर्च में भी कमी लाएंगी। 15 जून से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर से उड़ानों की शुरुआत होने जा रही है। ऐसे में एयरपोर्ट तक बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा को पहले ही शुरू किया जा रहा है। इससे जेवर एयरपोर्ट, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होगा। 10 रुपये से 30 रुपये तक किराये को भी आम यात्रियों की पहुंच में रखा गया है। न्यूनतम किराया 10 रुपये और अधिकतम किराया 30 रुपये निर्धारित किया गया है। इससे दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और छात्रों को किफायती और आधुनिक परिवहन सुविधा का लाभ मिलेगा। परिवहन विभाग का मानना है कि यह पहल नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन को नई दिशा देने के साथ-साथ स्वच्छ और हरित परिवहन व्यवस्था को भी मजबूत करेगी। ये भी पढ़ें: पानी का बिल बकाया है? ग्रेटर नोएडा की OTS योजना में ब्याज पर 40% तक छूट, जानिए कैसे