Noida Noori Gang : नोएडा पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ी गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। सेक्टर-20 थाना पुलिस और क्राइम रिस्पांस टीम (CRT) ने मिलकर डीएनडी रोड के समीप से पांच लोगो को गिरफ्तार किया। उनके पास से लगभग 21 किलो अवैध गांजा और तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही एक कार ज़ब्त की गई है। जब्त किए गए गांजे की कीमत करीब पांच लाख रुपये है। पुलिस के मुताबिक , आरोपियों की पहचान आमिर खान (बरेली), मनोज कुमार (दादरी के चिथैड़ा गांव), प्रकाश शाह (झारखंड), मोहम्मद फिरोज (बिहार के दरभंगा) और पप्पू कुमार (भागलपुर) के रूप में हुई है। सभी वर्तमान में नोएडा सेक्टर-9 की जेजे कॉलोनी में किराये पर रह रहे थे। सूचना के बाद हुई कार्रवाई पुलिस को जानकारी मिलीं कि कुछ लोग एक कार में गांजा लेकर सप्लाई करने निकले हैं। इसके बाद सेक्टर-17 डीएनडी रोड पर जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान नोएडा नंबर की एक सफेद फ्रोंक्स कार को रुकवाकर तलाशी ली गई। कार से 21 किलो गांजा बरामद किया गया और सभी पांच आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। नूरी चलाती थी पूरा नेटवर्क पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सभी सेक्टर-9 जेजे कॉलोनी की निवासी नूरी के साथ मिलकर गांजे की तस्करी का नेटवर्क चला रहे थे। पूरे गिरोह की अगुवाई नूरी ही कर रही थी। नूरी ही गांजे की खेप मंगाने, सप्लाई कराने और पैसे का पूरा हिसाब रखती थी। पुलिस के अनुसार, गांजा ओडिशा से ट्रेन, ट्रक, पार्सल और कूरियर के माध्यम से छिपाकर लाया जाता था। विभिन्न स्थानों पर पार्सल प्राप्त करने के बाद सभी खेप को एक जगह पर एकत्रित किया जाता था। फिर उसे छोटे-छोटे पैकेट में बांटकर नोएडा और एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों में भेजा जाता था। तस्कर गांजे को खरीद मूल्य से लगभग तीन गुना कीमत पर बेचते थे और लाभ आपस में बांट लेते थे। सरगना नूरी की तलाश जारी पुलिस के अनुसार गिरोह की नेता नूरी अभी भी भागी हुई है और उसकी खोज जारी है। नूरी पहले भी फेज-1 थाने के एक मामले में जेल में रह चुकी है। जेल से रिहा होने के बाद उसने फिर से अपना नेटवर्क शुरू कर लिया। जांच में पता चला है कि गिरोह में नूरी के पति सहित 20 से अधिक सदस्य सक्रिय हैं। इनमें कई महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह युवाओं और बच्चों को भी नशा पहुंचाने का काम करता था। 23 आपराधिक मामले दर्ज पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़े गए पांचों आरोपियों के खिलाफ कुल 23 आपराधिक मामले हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न मामले शामिल हैं। कुछ आरोपियों पर हिंसा और जुआ खेलने के मामले भी दर्ज हैं। जब्त की गई कार आमिर खान के नाम से रजिस्टर्ड है। फिलहाल पुलिस यह जानने में लगी हुई है कि इस गिरोह ने अब तक कितनी गांजे की खेप का मंगवाया, किन-किन शहरों में इसकी आपूर्ति की गई और नेटवर्क में शामिल अन्य सदस्य कौन हैं। इसके अलावा ओडिशा से गांजा भेजने वाले स्रोतों की भी छानबीन की जा रही है। ये भी पढ़े : Protest In Greater Noida : सफाईकर्मियों का अनिश्चितकालीन धरना, सफाई व्यवस्था पर असर की आशंका ऐसी ही खबरों के लिए पढ़ते रहें : https://indiaheadlinestv.com/