Purvanchal Expressway Accident: उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफिले की कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसा उस समय हुआ, जब राहुल गांधी सुलतानपुर की एमपी-एमएलए अदालत में पेशी के लिए जा रहे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना में कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि राहुल गांधी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 90 के पास काफिले में शामिल पांच गाड़ियां और एक एम्बुलेंस आपस में टकरा गईं। बताया जा रहा है कि पीछे से एक वाहन की टक्कर लगने के बाद काफिले की अन्य गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं। हादसा हलियापुर थाना क्षेत्र में हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। फिलहाल सामने आई जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। हादसे में घायल लोगों की स्थिति और दुर्घटना के विस्तृत कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।