UP BJP New Team 2026: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए नई प्रदेश टीम की घोषणा कर दी है। पार्टी नेतृत्व ने सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश करते हुए विभिन्न वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया है। नई सूची में पिछड़े वर्गों, महिलाओं और युवाओं को प्रमुख जिम्मेदारियां सौंपे जाने को संगठन की रणनीतिक तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। संगठन में बड़ा फेरबदल नई टीम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र नीरज सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा पूर्व मंत्री सुरेश राणा और बसपा से भाजपा में आईं पूजा पाल को भी उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने कुल 19 प्रदेश उपाध्यक्ष और 8 प्रदेश महामंत्रियों की नियुक्ति की है। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि मजबूत संगठनात्मक ढांचा ही चुनावी सफलता की नींव होता है। इसी सोच के तहत प्रदेश स्तर से लेकर क्षेत्रीय इकाइयों तक कई नए चेहरों को जिम्मेदारी दी गई है। संगठन में महिलाओं और विभिन्न सामाजिक समूहों की भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। पदाधिकारियों की नई सूची प्रदेश उपाध्यक्षों की सूची में नीरज सिंह, पूजा पाल, सुरेश राणा, प्रियंका रावत, अर्चना मिश्रा, आलोक गुप्ता, देवेश कोरी, दुर्विजय शाक्य, राजेश यादव और अन्य नेताओं को शामिल किया गया है। वहीं रामप्रताप सिंह चौहान, गीता शाक्य, अभिजात मिश्रा, उपेंद्र रावत और संजय राय समेत आठ नेताओं को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। संगठन में मंत्री पदों पर भी बड़े पैमाने पर नियुक्तियां की गई हैं। विजय शिवहरे, बसंत त्यागी, शिवभूषण सिंह, अनिल यादव, विनय राजभर, राहुल वाल्मीकि, रजनी पांडेय और आकांक्षा सोनकर समेत कई नेताओं को प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। इन नियुक्तियों को सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। पदाधिकारियों की नई सूची भाजपा ने छह प्रमुख क्षेत्रों के क्षेत्रीय अध्यक्षों की भी घोषणा की है। पश्चिम क्षेत्र की कमान नवाब सिंह नागर को, ब्रज क्षेत्र की जिम्मेदारी पूरन लाल लोधी को, कानपुर क्षेत्र का नेतृत्व राम किशोर साहू को सौंपा गया है। वहीं अवध क्षेत्र में अवधेश द्विवेदी, काशी क्षेत्र में अशोक चौरसिया और गोरखपुर क्षेत्र में विनोद राय को क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। मोर्चों में भी बदलाव किए गए हैं। सरोज कुशवाह को महिला मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। देवेंद्र सिंह किसान मोर्चा, अशोक रावत अनुसूचित मोर्चा और प्रकाश पाल पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं। रोहित मिश्रा को युवा मोर्चा की कमान सौंपी गई है, जबकि दिनेश प्रताप सिंह को मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा की यह नई टीम केवल संगठनात्मक फेरबदल नहीं, बल्कि 2027 विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की रणनीतिक तैयारी का संकेत भी है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि नई जिम्मेदारियां संभालने वाले नेता संगठन को चुनावी मोड में कितनी मजबूती से आगे बढ़ाते हैं। ये भी पढ़ें: NCERT के सिलेबस में इमरजेंसी की एंट्री, अब कक्षा 9 के छात्र पढ़ेंगे आपातकाल का इतिहास