Ghazipur Dowry Death: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी। बिरनो थाना क्षेत्र के बिरनो गांव में विवाहिता का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। दहेज प्रताड़ना के आरोप मृतका की पहचान पिंकी कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी फरवरी 2024 में बिरनो गांव निवासी अशोक राम से हुई थी। परिजनों का कहना है कि उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार शादी में दहेज और घरेलू सामान दिया था। इसके बावजूद शादी के कुछ समय बाद से पति, सास और ससुर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर पिंकी को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करने लगे थे। परिजनों का हंगामा परिवार के अनुसार, पिंकी चार दिन पहले ही मायके से ससुराल लौटी थी। उसकी आठ माह की एक बेटी भी है। अचानक उसकी मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा होने से माहौल तनावपूर्ण हो गया।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसी दौरान पुलिस ने घर के दूसरे हिस्से में छिपे पति, सास और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। कानूनी कार्रवाई शुरू पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अब जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के निष्कर्षों के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पूरे गांव में इस घटना को लेकर चर्चा और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ये भी पढ़ें: लखनऊ, कानपुर से मेरठ-प्रयागराज तक… 100 से ज्यादा कोचिंग सेंटरों पर ताले! लखनऊ हादसे के बाद बड़ा एक्शन