उत्तर प्रदेशनोएडा

UPITS 2026 का आगाज, अमित शाह ने बताईं निवेश की 4 शर्तें! योगी ने रखा ग्लोबल मार्केट का लक्ष्य

ग्रेटर नोएडा में UPITS 2026 का आगाज हुआ। अमित शाह ने निवेश की चार शर्तें गिनाईं, योगी ने यूपी को ग्लोबल मार्केट से जोड़ने का लक्ष्य बताया।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

UP International Trade Show: ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में शुक्रवार को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चौथे संस्करण की शुरुआत हुई। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पांच दिवसीय आयोजन का उद्घाटन किया। ट्रेड शो 25 से 29 सितंबर तक चलेगा।

निवेश के लिए अमित शाह ने गिनाईं चार शर्तें

उद्घाटन समारोह में अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में निवेश के माहौल को लेकर चार प्रमुख बातों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि निवेश के लिए अच्छी कानून-व्यवस्था, अनुकूल औद्योगिक नीति, सक्रिय सरकार और उद्योगों की मदद करने का उत्साह जरूरी है। अमित शाह ने अपने संबोधन में प्रदेश में कानून-व्यवस्था से जुड़े बदलावों का भी उल्लेख किया और कहा कि इन परिस्थितियों से निवेश के लिए वातावरण तैयार हुआ है। उन्होंने 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती और मेक इन इंडिया मिशन का भी जिक्र किया। साथ ही उत्तर प्रदेश के पारंपरिक उद्योगों और स्थानीय उत्पादों को राज्य की आर्थिक ताकत बताया।

यूपी को दुनिया के बाजार से जोड़ना लक्ष्य

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ट्रेड शो के जरिए उत्तर प्रदेश के उद्यमियों, कारीगरों और निर्माताओं को वैश्विक बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यूपी को मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित करने और प्रदेश के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने ODOP यानी एक जिला, एक उत्पाद योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने में इस तरह के मंच महत्वपूर्ण हैं।

2400 से ज्यादा प्रदर्शक

इस बार ट्रेड शो में 2,400 से अधिक प्रदर्शक शामिल हो रहे हैं। आयोजकों के मुताबिक 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के आने की उम्मीद है। करीब 4.5 लाख सामान्य आगंतुकों के पहुंचने का अनुमान है। आयोजन का फोकस प्रदेश के MSME, निर्यातकों, कारीगरों, स्टार्टअप और निर्माताओं को घरेलू तथा विदेशी बाजारों से जोड़ना है।

छह देश बने पार्टनर

इस संस्करण में जापान, रूस, सिंगापुर, वियतनाम, ऑस्ट्रिया और बेलारूस की भागीदारी है। ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के औद्योगिक उत्पादों के साथ स्थानीय शिल्प, खाद्य उत्पाद और अलग-अलग क्षेत्रों की कारोबारी संभावनाएं भी प्रदर्शित की जा रही हैं।

29 सितंबर को होगा समापन

UPITS का समापन 29 सितंबर को होगा। समापन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की जानकारी दी गई है। पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में कारोबारी बैठकें, उत्पाद प्रदर्शन और संभावित व्यापारिक साझेदारियों पर बातचीत होगी।

ट्रेड शो को लेकर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था

ग्रेटर नोएडा में आयोजन को देखते हुए पुलिस और यातायात विभाग ने विशेष व्यवस्था की है। विशिष्ट अतिथियों के आवागमन के दौरान एक्सपो मार्ट और आसपास के मार्गों पर अस्थायी डायवर्जन किया जाएगा। मालवाहक वाहनों के लिए भी निर्धारित समय में प्रतिबंध लागू किए गए हैं। ट्रेड शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात संचालन को सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।

ये भी पढ़ें: आज से शुरू होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो, मित शाह-योगी करेंगे उद्घाटन, 550 खरीदार और 85 देशों की भागीदारी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »