भारत

बाढ़ से UP-बिहार बेहाल, राजस्थान-गुजरात-उत्तराखंड समेत कई राज्यों में बारिश की चेतावनी, जानें पूरी खबर

यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में बाढ़ और बारिश से हालात बिगड़े हैं। लाखों लोग प्रभावित हैं, जबकि राजस्थान, गुजरात, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्य प्रदेश में अलर्ट जारी है।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Flood Alert: उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में बारिश और बाढ़ ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यूपी के 26 जिलों में बाढ़ से करीब 4 लाख लोग प्रभावित हैं। लखीमपुर में शारदा नदी के तेज कटान से 24 घंटे में 7 मकान नदी में समा गए। बिहार के 15 जिलों की 575 पंचायतों में करीब 50 लाख आबादी बाढ़ की चपेट में है। कटिहार में स्कूल और कोचिंग सेंटर जलमग्न हैं, बच्चे नाव से पढ़ने पहुंच रहे हैं। राजस्थान, गुजरात, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कई इलाकों में बारिश का यलो अलर्ट है। मध्य प्रदेश में 17 से 21 सितंबर तक बारिश की संभावना जताई गई है।

गुजरात: कच्छ के मांडवी में 7 इंच बारिश

गुजरात के कच्छ जिल्ले मे पीछले दो दीन से मूसलाधार बारिश हो रही है। आज सुबह 06:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक के 6 घंटे की अवधि में कच्छ जिले में भारी बारिश दर्ज की गई है। स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (SEOC) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, पूरे गुजरात राज्य में सर्वाधिक वर्षा कच्छ जिले की मांडवी तहसील में दर्ज की गई है, जहां केवल 6 घंटे में 6.97 इंच (लगभग 7 इंच) मूसलाधार बारिश हुई है। जूनागढ़, गिर सोमनाथ, राजकोट, अमरेली, आनंद और मेहसाणा के कुछ इलाकों में भी सुबह हल्की बारिश हुई।

उत्तर प्रदेश : 26 जिलों में बाढ़

यूपी में मानसून अभी सक्रिय है। मौसम विभाग ने 56 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, बारिश से नदियां उफान पर हैं। प्रदेश के 26 जिलों में बाढ़ के हालात हैं। बाढ़ से करीब 4 लाख की आबादी प्रभावित है।

उत्तराखंड: रामगंगा नदी उफान पर

उत्तराखंड के सभी जिलों में बारिश की संभावना है। अल्मोड़ा के चौखुटिया क्षेत्र में देर रात मूसलाधार बारिश हुई, जिससे रामगंगा नदी अचानक उफान पर आ गई। वहीं पिथौरागढ़ के आदि कैलाश मार्ग पर दोबाट में लैंडस्लाइड से सड़क फिर बंद हो गई। रुद्रप्रयाग में केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास सुरक्षा के मद्देनजर यात्रियों को हेलमेट पहनाकर भेजा जा रहा है। चार दिन पहले लैंडस्लाइड होने से कई घोड़े-खच्चर मर गए थे। रास्ते में पड़े शवों से बदबू और सांस लेने में परेशानी की शिकायतें सामने आ रही हैं।

बिहार: 15 जिलों में करीब 50 लाख से अधिक लोगों पर बाढ़ का असर

बिहार में लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। राज्य के 15 जिलों में करीब 49 लाख से अधिक लोगों पर बाढ़ का असर बताया गया है। प्रभावित जिलों में पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा और अररिया शामिल हैं। कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के कारण निचले इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। प्रदेश के 26 जिलों बारिश का यलो अलर्ट है।

राजस्थान: 19 से विदाई का दौर

राजस्थान में मानसून अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 26 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को अजमेर, पाली समेत कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। बारिश और हवाओं के असर से प्रदेश के कई शहरों के तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में मानसून की विदाई 19 सितंबर से शुरू होने की संभावना है।

झारखंड: बिजली गिरने का यलो अलर्ट

झारखंड की राजधानी रांची में अगले पांच दिनों में भारी बारिश का होने की आशंका है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 21 सितंबर तक रांची और आसपास के इलाकों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश होने की संभावना है। साथ ही बिजली गिरने का यलो अलर्ट भी जारी किया गया हैं।

छत्तीसगढ़ : बारिश थमने से चढ़ा पारा

छत्तीसगढ़ में आज कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी है। पिछले 24 घंटे में रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ अब तापमान बढ़ने लगा है। राजनांदगांव सबसे गर्म रहा, यहां पारा 35 डिग्री तक पहुंच गया।

ये भी पढ़ें: UCC पर NDA में बढ़ता सस्पेंस! JDU-चिराग के बाद TDP ने खोला पत्ता

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »