Ghaziabad News: गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र की गौर सिद्धार्थम सोसाइटी में मंगलवार शाम 16 वर्षीय किशोरी की 15 वीं मंजिल से गिरने की खबर सुनते ही इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। क्या है पूरा मामला पुलिस के मुताबिक, घटना मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे की है। करीब 7 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि सोसाइटी के आई टावर में एक किशोरी गंभीर हालत में मिली है। सूचना मिलते ही विजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शुरू की जांच विजयनगर थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मपाल सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान शनाया विष्ट (16) के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ गौर सिद्धार्थम सोसाइटी के आई टावर में रहती थी। पुलिस ने घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट मिलने की जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार, उसमें किशोरी ने अपनी परेशानी के लिए अकादमिक दबाव का जिक्र किया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है। परिवार से भी जानकारी जुटा रही पुलिस पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। किशोरी की पढ़ाई, हाल के दिनों की परिस्थितियों और परिवार से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों को समझा जा सके। फिलहाल पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अकादमिक दबाव पर फिर उठे सवाल यह घटना बच्चों और किशोरों पर पढ़ाई से जुड़े दबाव को लेकर भी चिंता सामने लाती है। विशेषज्ञों के मुताबिक, ऐसे समय में बच्चों के व्यवहार में अचानक बदलाव, लगातार तनाव या पढ़ाई को लेकर अत्यधिक चिंता दिखाई दे तो परिवार और स्कूल को संवेदनशीलता के साथ संवाद करना चाहिए। ये भी पढ़ें: दादरी में UGC के विरोध में प्रदर्शन, पानी की टंकी पर चढ़े प्रदर्शनकारी! लगाए ‘रोलबैक’ के नारे