Prayagraj Murder Mystery || Four Dead In Prayagraj || Bunty Babli Bahu || UP Crime News: उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के साउथ मलाका इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे शहर को हिला दिया है। यहां सब्जी मंडी चौराहा स्थित एक मकान में कारोबारी वीरेंद्र कुमार वैश्य (70), उनकी पत्नी अनीता (65), बेटी मीनाक्षी (45) और बेटे अभिषेक (40) की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। चारों शव अलग-अलग कमरों और दुकान से बरामद हुए, जिससे यह मामला और भी रहस्यमय बन गया है। खौफनाक रहस्यमयी मौत मंगलवार शाम पुलिस को सूचना मिलने पर जब घर का ताला तोड़ा गया तो अंदर खून से सनी लाशों का मंजर सामने आया। अभिषेक का शव दुकान के भीतर मिला, जो कई दिन पुराना होने के कारण काफी खराब स्थिति में था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सभी की हत्या किसी भारी वस्तु से वार कर की गई है। घटनास्थल से मिले सुरागों ने जांच को नई दिशा दी है। दीवारों और एक गत्ते पर “बंटी-बबली” और “बहू ने मारा है” जैसे शब्द लिखे मिले हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह लिखावट मरने से पहले पीड़ितों ने की थी या किसी ने साजिश के तहत जांच को भटकाने की कोशिश की है। छोटे बेटे-बहू पर लटकी शक की तलवार जांच में परिवारिक विवादों की भी परतें खुल रही हैं। बताया जा रहा है कि छोटे बेटे अश्वनी और उसकी कथित पत्नी ऋतु का आपराधिक इतिहास रहा है। अश्वनी फिलहाल जेल में है, जबकि ऋतु हाल ही में जमानत पर बाहर आई है। पुलिस उसे महत्वपूर्ण कड़ी मानकर तलाश कर रही है। 80 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फॉरेंसिक टीम हर सुराग जुटा रही है। पुलिस का दावा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों से जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली जाएगी। ये भी पढ़ें: मथुरा में महिलाओं का ब्रेनवाश कर यौन शोषण करने वाला फर्जी बाबा गिरफ्तार