Delhi NCR Weather : दिल्ली-NCR सहित पूरे उत्तर भारत के मौसम ने मंगलवार दोपहर को अचानक बदल लिया। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दोपहर में अचानक काले बादल छा गए और देखते ही देखते पूरी राजधानी धूल भरी तेज आंधी की चपेट में आ गई। दिल्ली के साथ-साथ नोएडा और गाजियाबाद जैसे आस-पास के क्षेत्रों में भी आंधी का जबरदस्त तांडव देखने को मिला। इस अचानक आए परिवर्तन के बाद मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR में अगले तीन घंटों के भीतर भारी बारिश का तत्काल अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) की सक्रियता के कारण अगले एक हफ्ते तक उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। धूल के गुबार से थमी रफ्तार राजधानी के प्रमुख स्थानों जैसे छतरपुर, इंडिया गेट और राजपथ सहित कई वीवीआईपी क्षेत्रों में आंधी के चलते दृश्यता बहुत कम हो गई। तेज हवाओं के झोंकों से कई स्थानों पर सड़कों के किनारे लगे बड़े साइनबोर्ड गिर गए, जबकि पेड़ों की शाखाएं टूट जाने से यातायात प्रभावित हो गई । इस खतरनाक मौसम में दिल्ली के प्रमुख फ्लाईओवरों और व्यस्त सड़कों पर वाहनों की गति धीमी हो गई।आंधी और उड़ती धूल के कारण सबसे ज्यादा समस्याओं का सामना दुपहिया वाहनों के चालकों को करना पड़ा, जिन्हें सुरक्षा के लिए सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। https://twitter.com/INDIAHEADLINEST/status/2069362215199867227 29 जून तक आंधी-तूफान का अलर्ट मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR में अगले दो दिन इसी प्रकार का मौसम रहने का अनुमान लगाया है। इसके अलावा, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ समेत पूरे उत्तर भारत में 23 से 26 जून के बीच और 29 जून को भी तेज आंधी, तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पश्चिम उत्तर प्रदेश में 23 और 28-29 जून को आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्रों में धूल भरी आंधी के साथ हल्की वर्षा की संभावना है। उत्तर भारत में जल्द मॉनसून की एंट्री एक ओर जहां उत्तर भारत पश्चिमी विक्षोभ के कारण आंधी-बारिश का सामना कर रहा है, वहीं दूसरी ओर अच्छी खबर यह है कि मॉनसून मुंबई आ चुका है। मॉनसून ने महाराष्ट्र के अन्य इलाकों के साथ तेलंगाना, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड को भी अपनी चपेट में लिया है। हालाँकि, अल नीनो (El Nino) के प्रभाव से पिछले एक हफ्ते में मॉनसून की गति थोड़ी धीमी रही, जिससे 1 से 22 जून के बीच देश में 43 प्रतिशत तक मॉनसूनी बारिश की कमी दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिक बताते हैं कि अब मॉनसून फिर से सक्रिय हो रहा है और जून के अंत तक इसके दिल्ली, यूपी, पंजाब और हरियाणा में पहुंचने की पूरी संभावना है। ये भी पढ़े : आठवें दिन भी जारी जिम्स कर्मचारियों की हड़ताल, वैकल्पिक स्टाफ के भरोसे अस्पताल