BSNL Rural Plan : डिजिटल इंडिया परियोजना को स्थानीय स्तर पर सशक्त बनाने के लिए भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) नोएडा व्यापार क्षेत्र ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कंपनी ने भारतनेट योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के ग्राहकों के लिए बेहद सस्ता 'रूरल एंट्री प्लान' पेश किया है। इस विशेष योजना के अंतर्गत ग्रामीण इलाकों के ग्राहकों को केवल ₹259 प्रति माह की अत्यधिक कम लागत पर हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड सेवा प्रदान की जा रही है। बीएसएनएल की इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करना है ताकि गांवों में रहने वाले छात्रों, किसानों, युवाओं, गृहिणियों और छोटे व्यवसायियों को आधुनिक डिजिटल सेवाओं का लाभ उठा सकें। शिक्षा, बैंकिंग व रोजगार को रफ्तार बीएसएनएल नोएडा के महाप्रबंधक जयपाल सिंह ने इस योजना के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि कंपनी भारतनेट परियोजना के जरिए देश के दूरस्थ ग्रामीण स्थानों तक सस्ती और विश्वसनीय ब्रॉडबैंड सेवाएं पहुंचाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण भारत को ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल लेनदेन, ई-गवर्नेंस, स्वास्थ्य सेवाएं, बैंकिंग सुविधाएं और रोजगार के नए अवसर प्रदान करने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे इस विशेष योजना का अधिकतम उपयोग करें और अपने घरों तथा व्यवसायों को हाई-स्पीड इंटरनेट से जोड़कर डिजिटल भारत अभियान को मजबूत करने में योगदान दें। ग्रामीणों को मिलेगा लाभ बीएसएनएल द्वारा लॉन्च की गई इस सस्ती ब्रॉडबैंड सेवा का दायरा नोएडा बिजनेस एरिया के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण ग्रामीण क्षेत्रों में फैला हुआ है। इस योजना का सीधा लाभ मुख्य रूप से तिलपता, कासना, जेवर, दनकौर, दादरी और इनके आस-पास के सभी ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले उपभोक्ताओं को मिलेगा। इन क्षेत्रों में हाई-स्पीड इंटरनेट की उपलब्धता से न केवल लोगों की जीवनस्तर में सुधार होगा, बल्कि स्थानीय छोटे व्यवसायियों को भी अपने व्यापार को ऑनलाइन ले जाने और उसे विकसित करने में काफी सहायता मिलेगी। 25 Mbps, फ्री Wi-Fi मॉडेम व OTT इस नए ग्रामीण योजना के अंतर्गत कनेक्शन प्राप्त करने वाले ग्रामीण उपभोक्ताओं को कई मुफ्त सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इस योजना में उपभोक्ताओं को निम्नलिखित लाभ प्राप्त होंगे। ग्राहकों को 25 एमबीपीएस तक की उच्च गति के साथ पूरी तरह से अनलिमिटेड डेटा की सेवा प्राप्त होगी। इसके साथ संपूर्ण भारत में किसी भी नेटवर्क पर अनलिमिटेड वॉइस कॉल करने की सुविधा पूरी तरह मुफ्त रहेगी। नए कनेक्शन पर ग्राहकों से कोई स्थापना शुल्क नहीं लिया जाएगा और साथ में वाई-फाई मॉडेम भी मुफ्त में उपलब्ध कराया जाएगा। उपभोक्ताओं को एंटरटेनमेंट के लिए निःशुल्क ओटीटी ऐप्स की सदस्यता भी प्रदान की जाएगी। इस उत्कृष्ट और सस्ती सेवा का लाभ उठाने के लिए इच्छुक ग्राहक 'बीएसएनएल सेल्फ केयर' (BSNL Self Care) ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, वे अपने आस-पास के बीएसएनएल ग्राहक सेवा केंद्र पर जाकर या कंपनी के टोल-फ्री नंबर 1800-4444 पर फोन करके भी अपना नया कनेक्शन बुक करवा सकते हैं। ये भी पढ़े : 22.80 करोड़ रुपये का वेटलैंड बदहाल, कोंडली नाला अब भी गंदगी से बेहाल