Bomb Threat: गौतमबुद्ध नगर के जिला अधिकारी (DM) कार्यालय को सोमवार को एक धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। ई-मेल में कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी, जिसके बाद पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट सूचना मिलते ही थाना सूरजपुर पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड, एंटी सेबोटाज (एएस) टीम और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा एजेंसियों ने डीएम कार्यालय के सभी कमरों, परिसर और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की। कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन में कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, जिसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने दी जानकारी पुलिस के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल को गंभीरता से लेते हुए साइबर टीम उसके स्रोत और भेजने वाले की पहचान में जुटी है। जांच की जा रही है कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है। अधिकारियों का कहना है कि दोषी की पहचान होते ही उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अफवाहों से बचें फिलहाल DM कार्यालय में स्थिति सामान्य है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। इधर, हरियाणा के गुरुग्राम में भी ब्लू बेल्स मॉडल स्कूल, एमिटी समेत 5 से 6 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके बाद पुलिस, बम स्क्वाड और डॉग स्क्वाड ने स्कूल परिसरों की जांच की, जबकि एहतियातन छात्रों को सुरक्षित घर भेज दिया गया। ये भी पढ़ें: सफाई व्यवस्था में बड़ा बदलाव! 3000 नए सफाईकर्मियों की होगी भर्ती