Weather Update: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। दिल्ली-NCR से लेकर गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार तक बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले दिन देश के 24 राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। कुछ राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि पहाड़ी इलाकों में पहले से ही बारिश के कारण हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। दिल्ली-NCR में बादल और बूंदाबांदी राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से मौसम सुहावना बना हुआ है। लगातार हो रही हल्की बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बनी रहेगी। तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस अधिकतम और 25 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम रहने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश में 29 जुलाई तक बारिश उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। IMD के मुताबिक, पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में छिटपुट बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि राज्य में बारिश का यह सिलसिला 29 जुलाई तक जारी रह सकता है। राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट राजस्थान में मानसून की सक्रियता बढ़ने के कारण कई इलाकों में बारिश जारी है। मौसम विभाग ने दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है। अजमेर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर संभागों में 25 जुलाई तक मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अगले चार से पांच दिनों तक राज्य में मानसून के सक्रिय रहने का अनुमान है। गुजरात में रेड अलर्ट गुजरात में लगातार बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया है। कई जगह जलभराव, सड़क बंद होने और नदियों के जलस्तर बढ़ने की स्थिति सामने आई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए गुजरात के कुछ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। पंचमहल, दाहोद और महीसागर समेत मध्य गुजरात के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। दक्षिण गुजरात के जिलों में भी आने वाले दिनों में तेज बारिश का अनुमान है। इन राज्यों में भी बारिश की चेतावनी IMD के अनुसार, पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात क्षेत्र, कोंकण और गोवा में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, पश्चिमी राजस्थान और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा समेत कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है, क्योंकि आने वाले दिनों में मानसून का असर कई राज्यों में और तेज हो सकता है। ये भी पढ़ें: कनॉट प्लेस में शाम 6:30 बजे तक हो जाएगा सब बंद! सुरक्षा कारणों से जारी हुई एडवाइजरी