भारत

कनॉट प्लेस में शाम 6:30 बजे तक हो जाएगा सब बंद! सुरक्षा कारणों से जारी हुई एडवाइजरी

कनॉट प्लेस में सुरक्षा कारणों से शाम 6:30 बजे तक दुकानें, रेस्टोरेंट और कार्यालय बंद रखने की एडवाइजरी जारी हुई। NDTA ने निर्देशों का पालन करने की अपील की।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

CP Shops Closed: राजधानी दिल्ली के सबसे व्यस्त कारोबारी इलाकों में शामिल कनॉट प्लेस में गुरुवार को अचानक दुकानों, रेस्टोरेंट और कार्यालयों को शाम 6:30 बजे तक बंद करने की सलाह जारी की गई। नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) की ओर से जारी सर्कुलर में व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए सुरक्षा कारणों का हवाला दिया गया है।

सुरक्षा के चलते बंदी

NDTA के अध्यक्ष अतुल भार्गव की ओर से जारी निर्देश में कहा गया कि कनॉट प्लेस और आसपास के क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति को देखते हुए सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान तय समय तक बंद कर दिए जाएं। इसमें दुकानें, कार्यालय और रेस्टोरेंट संचालकों से अपील की गई कि वे किसी भी अप्रिय घटना, संपत्ति के नुकसान या लोगों की सुरक्षा से जुड़े खतरे को देखते हुए प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। एसोसिएशन ने बताया कि यह फैसला नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन की ओर से फोन पर दी गई सलाह के बाद लिया गया। हालांकि, एडवाइजरी में किसी विशेष खतरे या घटना का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है।

प्रदर्शन के बीच बढ़ी सुरक्षा चिंता

कनॉट प्लेस में बंदी की यह सलाह उस समय सामने आई है, जब जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन जारी है। संगठन नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहा है और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है। हाल ही में प्रदर्शनकारियों द्वारा संसद की ओर मार्च करने की कोशिश के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी थी। इसके बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी।

केजरीवाल ने उठाए सवाल

कनॉट प्लेस में दुकानों को जल्दी बंद करने के निर्देश पर आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने सवाल खड़े किए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एडवाइजरी साझा करते हुए दावा किया कि इलाके में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी और एंबुलेंस तैनात हैं। केजरीवाल ने सवाल किया कि क्या केंद्र सरकार जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ कोई बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

NSA आदेश पर दिल्ली पुलिस की सफाई

इसी बीच दिल्ली में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत पुलिस की निवारक हिरासत शक्तियों को बढ़ाए जाने को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई। दिल्ली के उपराज्यपाल ने दिल्ली पुलिस को NSA के तहत मिली शक्तियों की अवधि 18 अक्टूबर तक बढ़ा दी है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह फैसला किसी मौजूदा प्रदर्शन को ध्यान में रखकर नहीं लिया गया है। पुलिस के अनुसार, NSA के तहत शक्तियों का नवीनीकरण एक नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया है, जो हर तीन महीने में की जाती है।

NSA आदेश पर सफाई

पुलिस ने कहा कि वर्तमान अवधि का विस्तार 7 जुलाई को किया गया था और यह 19 जुलाई से 18 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा। अधिकारियों के मुताबिक, यह प्रक्रिया प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही तय थी। फिलहाल कनॉट प्लेस में शाम 6:30 बजे तक बंदी की एडवाइजरी ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और प्रदर्शन को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं। प्रशासन की नजर अब इलाके की स्थिति पर बनी हुई है।

ये भी पढ़ें: PM के ऐलान के बाद, CJP बोली- मरहम नहीं, मजबूत व्यवस्था चाहिए

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »