Noida Lift Accident: नोएडा सेक्टर-51 स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गुरुवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लोगों से भरी लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई। हादसे के बाद लिफ्ट में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाल-बाल बचे नेता यह हादसा 'वेडिंग विला' बैंक्वेट हॉल में आयोजित उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के पांचवें व्यापारी कल्याण दिवस कार्यक्रम के दौरान हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय सभी प्रमुख अतिथि कार्यक्रम स्थल से रवाना हो चुके थे। कार्यक्रम खत्म होते ही हुआ हादसा पुलिस के मुताबिक कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कई लोग ऊपरी मंजिल से लिफ्ट के जरिए नीचे आ रहे थे। इसी दौरान लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इमरजेंसी चाबी की मदद से लिफ्ट खोलकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, लेकिन कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। लापरवाही आई सामने, तीन पर केस दर्ज थाना सेक्टर-49 पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि बैंक्वेट हॉल की लिफ्ट का नियमित रखरखाव नहीं कराया जा रहा था। इसके अलावा वहां किसी लिफ्टमैन की भी तैनाती नहीं थी। पुलिस ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए चौकी प्रभारी आशु चौधरी की शिकायत पर बैंक्वेट हॉल संचालक विनोद अरोड़ा, अश्वनी छावड़ा और प्रबंधक अश्विनी शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा-289 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच जारी कार्यक्रम के आयोजक विकास जैन ने बताया कि हादसे के समय लिफ्ट में व्यापारी वर्ग के लोग और भाजपा के कुछ जिला स्तरीय नेता मौजूद थे। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किस स्तर पर हुई। ये भी पढ़ें: WhatsApp से शुरू हुआ खेल, रिटायर्ड वायु सैनिक से करोड़ों रुपये की ठगी