Noida Cyber Crime: नोएडा में रिटायर्ड वायु सैनिक के साथ 2.23 करोड़ रुपये की ऑनलाइन निवेश ठगी का मामला सामने आया है। इसको लेकर थाना साइबर क्राइम में FIR दर्ज की गई है।सेक्टर-21 जलवायु विहार निवासी 73 वर्षीय सुनील कुमार आनंद ने शिकायत में बताया कि उनके साथ फर्जी ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए करोड़ों रुपये की ठगी की गई। डिजिटल ठगी का जाल पीड़ित के शिकायत के मुताबिक, 10 जून 2026 को उन्हें WhatsApp पर Upstox Securities के नाम से ट्रेडिंग अकाउंट खोलने का फॉर्म भेजा गया। इसके बाद खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताने वाले लोगों ने उनका KYC कराया और UP.Xpro नाम का एक ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कराया। आरोपियों ने शेयर बाजार में निवेश पर हर दिन अच्छा मुनाफा मिलने का लालच दिया। शुरुआत में ऐप पर मुनाफा दिखाकर उनका भरोसा जीता गया। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में कई बार पैसे जमा कराए गए। शिकायतकर्ता ने 15 जून से 21 जुलाई 2026 के बीच कुल 2 करोड़ 23 लाख 51 हजार 136 रुपये ट्रांसफर कर दिए। 6 करोड़ का झांसा पीड़ित का कहना है कि ऐप पर उनके निवेश का मुनाफा 6 करोड़ रुपये से अधिक दिखाया गया। जब उन्होंने 1.85 करोड़ रुपये निकालने की कोशिश की तो पहले 62.51 लाख रुपये सर्विस फीस के नाम पर जमा कराए गए। इसके बाद 37 लाख रुपये कैपिटल गेन टैक्स के नाम पर मांगे गए। तब उन्हें ठगी का शक हुआ। इसके बाद वह मुंबई स्थित Upstox के कार्यालय पहुंचे, जहां उन्हें पता चला कि उनके साथ साइबर ठगी हुई है और इस तरह की कई शिकायतें पहले भी आ चुकी हैं। बैंक खातों की जांच पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों के बैंक खातों, WhatsApp नंबरों और इस्तेमाल किए गए ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म की जांच कर रही है। ये भी पढ़ें: डूब क्षेत्र में बने अवैध फार्महाउस और झट्टा में अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर