Bahraich Police: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में सावन के पहले सोमवार के अवसर पर आस्था और सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिला। भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए जा रहे कांवड़ियों का नानपारा पुलिस ने भव्य स्वागत किया। पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा कर उनका अभिनंदन किया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फूलों से भव्य स्वागत जानकारी के अनुसार, नानपारा क्षेत्र से गुजर रहे कांवड़ियों का स्वागत करने के लिए पुलिस प्रशासन पहले से तैयार था। इस दौरान सीओ नानपारा और कोतवाल राजनाथ सिंह स्वयं मौके पर मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने कांवड़ियों पर जमकर पुष्पवर्षा की और कई श्रद्धालुओं को माला पहनाकर उनका स्वागत किया। पूरा इलाका "बोल बम" और "हर-हर महादेव" के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भी पुलिस के इस सम्मानपूर्ण व्यवहार की सराहना की और उत्साह के साथ अपनी यात्रा जारी रखी। माहौल पूरी तरह भक्तिमय और उत्सव जैसा दिखाई दिया। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम पुलिस प्रशासन का कहना है कि सावन के दौरान कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इस अनोखे स्वागत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है। लोग पुलिस के इस सकारात्मक कदम की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं और इसे आस्था के प्रति सम्मान की मिसाल बता रहे हैं। ये भी पढ़ें: लंगूर के हमले से ग्रामीण घायल, हमले का वीडियो हो रहा वायरल